पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

देवेन्द्र छात्रावास में गोलियां चलीं, रादुविवि प्रशासन ने दर्ज कराई रिपोर्ट

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का देवेन्द्र छात्रावास इन दिनों घटनाओं के कारण चर्चा में है। पहले जीप में आग लगाई गई, फिर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई और इसके बाद अब हॉस्टल में गोलियां चल गईं। आए दिन हो रही घटनाओं से यहां गैंगवार जैसे हालात बन गए हैं।
हॉस्टल में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात तत्वों ने फायरिंग कर दी। दो राउण्ड फायर में एक गोली छात्रावास की खिड़की पर लगे कांच को तोड़ते हुए कमरे की दीवार में धंस गई। फायरिंग में परीक्षा की तैयारी कर रहा छात्र बाल-बाल बच गया। गोली की आवाज आते ही हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई।
छात्रावासी छात्रों ने तत्काल इसकी सूचना हॉस्टल वार्डन, अधीक्षक, कुलसचिव और सिविल लाइन थाने को दी। सुबह होते ही छात्रावासी छात्रों ने कुलसचिव कार्यालय को घेर लिया और हंगामा प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
कुलसचिव ने इसकी सिविल लाइन थाने में गोली चलने की शिकायत की, जिस पर पुलिस ने कुलसचिव डॉ. एमएस अवास्या, वार्डन प्रो. सीएसएस ठाकुर और अधीक्षक डॉ. आरके गुप्ता के साथ हॉस्टल पहुंच कर घटना स्थल का मुयाअना कर अपनी जांच-पड़ताल शुरू की। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में गोली पिस्टल से चलाना बताया जा रहा है।

अवैध रूप से रहने वालों पर होगी कार्यवाही -छात्रावास में लगातार हो रहीं घटनाओं को देखते हुए विवि प्रशासन ने हॉस्टल में अवैध रूप से रह रहे छात्रों पर कार्यवाही करने की तैयारियां कर ली हैं, जो भी छात्रावास में इन लीगल तरीके से रह रहा है, उसे हॉस्टल से हटाया जाएगा।
वहीं विवि प्रशासन द्वारा यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि छात्रावास में अवैध कब्जों को कठोरता से हटाने का जो प्रयास विवि कर रहा है, उसके विरोध में इस घटना को अंजाम दिया जा रहा है।