जबलपुर. ओमती थाना क्षेत्र स्थित दरीखाना के पास बीती रात होमगार्ड के एक सिपाही को शराब पिलाने के बहाने रोका, उसे शराब में नशीली दवा मिलाकर पिलाई और फिर उसे लूट लिया। घटना के बाद बेहोशी टूटने पर सिपाही को अपने साथ हुई घटना का पता चला और उसने ओमती थाने पहुचंकर रिपोर्ट दर्ज करायी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए
विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ाघाट निवासी होमगार्ड सैनिक 50 वर्षीय मदन दुबे ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह ड्यूटी से लौट रहा था, भरतीपुर के पास उसे तीन युवकों ने रोका और सौ रुपये देकर शराब बुलवाई। उसके बाद उसे शराब पिलाई गई।
जैसे ही उसने दो घूंट शराब पी उसे बेहोशी आने लगी और जब उसे होश आया तो उसकी जेब में रखी नकदी,
मोबाइल व घड़ी आदि सामान गायब था। पीड़ित का कहना था कि उसे शराब में नशीली दवा मिलाकर पिलाने के बाद लूटा गया है। वहीं होमगार्ड सैनिक के जहरीली वस्तु के सेवन किए जाने की बात भी कही जा रही है, जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।