पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Emerald Auction: Diamond Sold For 8.1 Million

पन्ना में नीलामी: 8.1 करोड़ में बिके हीरे, व्यापारियों ने छोटे हीरों पर दिया जोर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
छतरपुर. पन्ना में हुई हीरों की नीलामी में व्यापारियों का ज्यादा जोर 1 से 10 कैरेट तक के छोटे और मंझोले हीरे खरीदने पर रहा। 15 कैरेट से बड़े हीरों को खरीदने में किसी ने रुचि नहीं दिखाई। खदान में दो साल पहले मिले अब तक के सबसे बड़े जैम क्वालिटी के 37.68 कैरेट के हीरे को इस बार फिर खरीददार नहीं मिले।
नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कार्पोरेशन की मझगवां हीरा खदान के डायमंड क्लब में बुधवार को हुई नीलामी में पन्ना के साथ ही मुंबई, गुजरात, महाराष्ट्र, उप्र के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। कंपनी प्रबंधन ने 166 पैकेट बनाकर हीरों को नीलामी के लिए रखा था। एक-एक पैकेट की अलग-अलग बोली लगाकर नीलामी की गई। एनएमडीसी के एजीएम संजय कुमार कोचर ने बताया कि नीलामी में 6201 कैरेट हीरों की बिक्री हुई है। इन हीरों को 8.1 करोड़ रुपए में बेचा गया है।
13 कैरेट का हीरा पांच लाख में बिका
नीलामी में कुछ बडे़ हीरों को कम दाम मिले जबकि, छोटे हीरों को अधिक कीमत मिली। मुंबई से आए व्यापारी मनोज कुमार ने बताया कि नीलामी में 13 कैरेट का जैम क्वालिटी का एक हीरा महंगा बिका है। इसकी कीमत 5 लाख 10 हजार रुपए कंपनी को मिली है। इसी नीलामी में एक 22 कैरेट का हीरा भी बिका है, इसकी बोली 3 लाख 30 हजार रुपए में टूटी। व्यापारियों ने बताया कि इस हीरा की गुणवत्ता अच्छी नहीं होने के कारण व्यापारियों ने अधिक बोली नहीं लगाई।
दो साल पहले मिला था सबसे बड़ा हीरा
एनएमडीसी मझगवां खदान में दो साल पहले अब तक का सबसे बड़ा हीरा मिला था। यह हीरा जैम क्वालिटी में 37.68 कैरेट आकार का है। कंपनी के अधिकारी इस हीरे को 5 लाख रुपए प्रति कैरेट से अधिक कीमत चाहते हैं, लेकिन व्यापारी इतनी कीमत देने को तैयार नहीं है। व्यापारी लौजी भाई मुंबई और प्रदीप भाई सूरत ने बताया कि इस हीरे में दाग है। एक हिस्सा धुंधला भी है। उन्होंने बताया कि व्यापारी 90 लाख से एक करोड़ रुपए तक कीमत दे सकते हैं, जबकि कंपनी प्रबंधन इतनी कीमत में बेंचने को तैयार नहीं है।