जबलपुर। बेलखाड़ू पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक तलैया में सुबह एक लाश उतराती पाये जाने से सनसनी मच गई। शव की पहचान ग्राम भर्रा के सम्पन्न किसान के रूप में की गई है। उधर तलैया में शव पड़ा होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने किसान की हत्या का संदेह जताया है, वहीं पुलिस का कहना है कि शव को पीएम के लिये भेजा गया है।
पीएम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा होने पर आगे की जांच की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भर्रा निवासी 36 वर्षीय लाखन सिंह राजपूत का गांव के बाहर आउट हाउस है। रविवार को वहां पर पार्टी रखी गई थी और लाखन सिंह दोपहर करीब 12 बजे से शाम 6 बजे तक वहां पर था। उसके बाद वह अपने किसी साथी के साथ पैदल अपने घर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।
देर रात तक लाखन के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और सुबह गांव की तलैया में लाखन का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को तलैया से निकलवाकर पीएम के लिए भेजा है। जांच अधिकारी का कहना है कि शव में किसी प्रकार की चोट आदि के निशान न पाए जाने से यह हादसा नजर आ रहा है, वही ग्रामीणों व परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है।
बच्चे स्कूल में, पत्नी बहोश
सुबह जैसे ही तलैया में मिले शव की पहचान लाखन सिंह के रूप में हुई और इसकी खबर मृतक के घर पहुंची, मृतक की पत्नी वर्षा बेहोश हो गई। वहीं उसके दो बच्चों मंे 8 वर्ष का पारस अपनी छोटी बहन के साथ स्कूल में था। घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल है।
पीएम रिपोर्ट में होगा खुलासा
तलैया में मिले शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता च ल सकेगा। प्रारंभिक जांच में यह घटना हादसा नजर आ रही है।
-गोविन्द सुरैया, चौकी प्रभारी