जबलपुर। मदनमहल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 के बाहर गुरुवार की शाम एक युवक को तीन लोगों ने बेरहमी से चाकुओं से गोद दिया। हमले के बाद आरोपी बाइक में बैठकर भाग निकले, जबकि घायल को स्थानीय लोगों ने 108 से मेडिकल अस्पताल भिजवाया।
घायल युवक ने स्वयं को गोटेगांव का होने की जानकारी के साथ हमलावरों को अपना ससुर व साला बताया है। मेडिकल की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मदनमहल पुलिस के अनुसार गुरुवार की शाम करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि तीन लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस जब मेडिकल पहुंची जहां घायल युवक ने स्वयं का नाम-पता आशीष रजक निवासी गोटेगांव बताते हुए जानकारी दी कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है, जिसके कारण वह गुरुवार की शाम दशमेशद्वार के समीप स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था।
जहां उसके ससुर सुंदरलाल, साले गोविंद व राजकुमार उसे देखकर भड़क उठे और मारपीट शुरू कर दी। राजकुमार ने बताया कि वह बचकर भागा तो तीनों बाइक से उसके पीछे लग गए। वह भागते हुए मदनमहल स्टेशन तक पहुंचा जहां तीनों ने उसे घेरकर चाकू व बके से पीठ में 4 प्रहार किए। मेडिकल में उपचार के दौरान आशीष को 35 टांके लगे हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।