पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सेल्समैन बनकर पहुंचे जालसाज, करामात दिखाकर लाखों के जेवर ले गए

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. सुबह एक घर में सेल्समैन बनकर पहुंचे दो युवकों ने खुद को सोना, चांदी व तांबा साफ करने का पाउडर बेचने वाला बताया और करामात दिखाते हुए लाखों के जेवर उड़ा लिये। जालसाजों ने परिवार की महिलाओं को पहले बर्तन साफ करके दिखाए और फिर उन्हें बातों में उलझाते हुए उनके करीब 7 तोला वजनी सोने के जेवर लेकर चंपत हो गए।
मदन महल गौरेया प्लऍट के पास रहने वाले जैसवाल परिवार को जब इस बात का पता चला कि वे ठगी का शिकार हुए हैं तो उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने शिकायत को जांच में लिया है।
इस घटना के संबंध में गौरेया प्लॉट निवासी 16 वर्षीय शुभम ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि सुबह घर पर उसकी मां प्रीति जैसवाल, दादी शकुन, चाची स्वर्णलता और दीदी अपूर्वा थी, उसी दौरान दो युवक सेल्समैन बनकर आए और कहने लगे कि वे धातुओं को चमकाने वाला पाउडर बेचते हैं।
उनकी बातों में आकर घर की महिला सदस्यों ने पहले तांबे के बर्तन उन्हें दिए और पाउडर लगते ही बर्तन चमचमा उठे। इसके बाद उन्होंने चांदी की पायल आदि साफ करके दिखाए और फिर जालसाजों ने सोने के जेवर साफ करने का भरोसा दिलाकर महिलाओं को अपने हुनर का शिकार बनाते हुए करीब 7 तोला वजनी जेवर साफ कर दिया।
बर्तन से गायब हो गए जेवर
जालसाजों ने जैसवाल परिवार की महिलाओं से बताया कि पाउडर को पानी में डालकर उसमें हल्दी मिलाकर दस मिनट तक घोल को उबालने पर जेवर चमचमाने लगेंगे। उनकी बातों में आकर महिलाओं ने सोने की चेन, कंगन, 2 जोड़ टॉप्स उन्हें दिए।
जालसाजों ने सबके सामने बर्तन में पाउडर का घोल बनाया और फिर हल्दी मंगवाकर बर्तन में डाली और जेवर लेकर बर्तन में डालने का नाटक किया। बर्तन बंद कर उन्होंने कहा कि करीब दस मिनट में जेवर साफ हो जाएंगे और दस मिनट में लौटने की बात कहकर चंपत हो गये। दस मिनट बीतने पर जब बर्तन को खोला गया तो उसमें जेवर नहीं थे।
जालसाजों की तलाश
सुबह गौरेया प्लॉट में हुई घटना की शिकायत थाने में दी जाने पर पुलिस ने हुलिये के आधार पर जालसाजों की तलाश शुरू कर दी है। झांसा देकर जेवर पार करने वाले संभवत: बाहरी लोग हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
-मधुर पटैरिया, टीआई