जबलपुर. जोन के आईजी डी. श्रीनिवास राव अचानक थानों का निरीक्षण करने निकले। सुबह वे पहले रांझी थाने पहुंचे और उसके बाद बेलबाग थाने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। आईजी के औचक निरीक्षण की खबर से थानों में हड़कम्प मच गई। इस दौरान उन्होंने थानों में पदस्थ अधिकारियोें, कर्मचारियों से चर्चा कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया और अपराधों की जानकारी हासिल की। थानों का निरीक्षण करने के उपरांत वे निरीक्षण के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार थानों का वार्षिक निरीक्षण किए जाने की कड़ी में आईजी सुबह रांझी थाने पहुंचे और वहां पर रिकॉर्ड व अपराध संबंधी जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने रांझी सीएसपी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां से रवाना होकर वे बेलबाग थाने पहुचे, वहां पर रिकॉर्डों की जांच के बाद उन्होंने सभी को हिदायत दी कि कानून व्यवस्था के मामले में मुस्तैदी से नजर रखें, इसमें कोताही पाये जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर बाद आईजी निरीक्षण के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्हें गुरुवार को जाना था, लेकिन एक दिन पहले ही उनके पहुंचने से अधिकारियों में हड़कम्प मच गई। वहां पर उन्होंने एएसपी अमरेंद्र सिंह के कक्ष का निरीक्षण किया और उसमें फेरबदल के निर्देश दिए। वहीं स्थापना शाखा में पहुंचकर जांच की, इस दौरान सर्कुलर संबंधी मामले को लेकर उन्होंने नाराजी भी जतायी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसपी हरिनारायणाचारी िमश्र व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।