जबलपुर. गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित शाहनाला के पास बीती रात इनोवा और ऑटो में सीधी भिड़ंत हो गई। इनोवा की टक्कर लगने से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ऑटो सवार तीन लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल रवाना किया गया, जहां एक घायल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर इनोवा चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात सवा 11 बजे के करीब ऑटो क्रमांक एमपी 20 एलए 4553 पर सवार होकर ओमती क्षेत्र में रहने वाले रज्जन सोनकर, बबलू सोनकर व मुख्तयार अहमद तिलवारा से मेडिकल की ओर आ रहे थे, शाहनाला के पास सामने से आ रही इनोवा कार क्रमांक एमपी 20 बीए 0911 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो को टक्कर मार दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इनोवा की टक्कर लगने से रज्जन, बबलू व मुख्तयार को गंभीर चोटें आई थीं। तीनों को मेडिकल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया, वहीं रज्जन की हालत भी गंभीर बतायी जा रही है। उधर तीसरे घायल मुख्तयार को परिजन मेडिकल से इलाज के लिए कोठारी हाॅस्पिटल ले गए हैं। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर प्रकरण जांच में लिया गया।