पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दिन-दहाड़े महिला का पर्स लूटा, पति के सामने लूट करके भागे लुटेरे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. कुछ दिनों शांत रहने के बाद बाइक सवार लुटेरे फिर सक्रिय हो गए हैं। विगत रात्रि गढ़ा में महिला का बैग लूटने वालों का अभी सुराग भी नहीं लगा था कि आज दोपहर लुटेरों ने बेखौफ होकर पति के साथ बाइक पर अपने घर जा रही महिला का पर्स लूट लिया। लूट की घटना के बाद महिला के पति ने लुटेरों का कुछ दूरी तक पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। घटना की रिपोर्ट महिला द्वारा थाने में दर्ज करायी गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी मधु राघव ने दोपहर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करायी कि दोपहर को वह अपने पति मुकेश के साथ किसी कार्य से दमोहनाका गई थी। वहां से लौटते समय दोपहर दो बजे के करीब जब वे विनायक चौक पहुंचे, वहां ब्रेकर आने पर बाइक की गति धीमी कर दी, उसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर महिला के हाथ से उसका पर्स लेकर भाग निकले।
पर्स लुटने पर महिला से शोर मचाया, तब उसके पति को घटना की जानकारी मिली और वह लुटेरों के पीछे भागा, लेकिन लुटेरे सकरी गली में घुसकर चम्पत हो गये। घटना के बाद पति के साथ थाने पहुंची महिला ने रिपोर्ट दर्ज करायी, उसके बाद पुलिस ने हुलिये के आधार पर लुटेरों को पकड़ने घेराबंदी करायी, लेकिन लुटेरे पकड़े नहीं जा सके।