जबलपुर. गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित संजीवनी नगर में शराब दुकान के कर्मचारी से मुफ्त में शराब मांगने वालों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार लोधी मोहल्ला निवासी 36 वषीय राजनारायण शिवहरे ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि वह संजीवनी नगर स्थित शराब दुकान में सेल्समैन है, उसके साथ ही शराब दुकान में रवि कुरील, नरेश गुप्ता, सौरभ यादव भी काम करते हैं।
रात्रि में दुकान बंद करके सभी दुकान के सामने खड़े थे, उसी समय कैश लेने वाली गाड़ी आई, जिसमें पैसे जमा कर रात्रि लगभग पौने ग्यारह बजे घर जाने को हुए तभी मंटू उर्फ धनंजय दुबे, अजय शर्मा, अजय बर्मन आए और रवि कुरील से शराब मांगने लगे।
रवि कुरील ने कहा कि दुकान बंद हो गई है, अब शराब नहीं मिलेगी तो अजय शर्मा एवं उसके साथ आए मंटू दुबे, अजय बर्मन जातिगत रूप से अपमानित कर गाली-गलौज करने लगे, अजय शर्मा ने हत्या करने की नीयत से चाकू निकाल कर हमला कर रवि कुरील की गर्दन एवं दाहिने हाथ की कलाई में चोट पहुंचा दी।
रिपोर्ट पर धारा 294, 307, 34 भादंवि 3(2)5,3(1)12 एससी-एसटी एक्ट का का मामला दर्ज कर घायल रवि कुरील को उपचार हेतु नेशनल अस्पताल में भर्ती में भर्ती कराया गया है।