जबलपुर. डुमना विमानताल से 4 जनवरी को स्पाइस जेट एयर सेवा से दिल्ली की यात्रा करने के दौरान एक पैसेंजर दम्पति के रत्न जड़ित सोने के कंगन गायब हो गए थे। विमान से कंगन गायब होने की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने विमान कंपनी के दो लगेज कर्मियों से पूछताछ कर उनके कब्जे से चोरी के कंगन बरामद किए हैं। उक्त जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी अमरेंद्र सिंह ने दी। इस दौरान एएसपी क्राइम आशीष खरे, सीएसपी जेपी मिश्रा, टीआई राकेश तिवारी मौजूद थे।
इस संबंध में बताया गया कि पचपेढ़ी निवासी रजनीश जिंदल ने खमरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि उनका छोटा भाई मनीष व बहू सोनल स्पाइस जेट विमान से 4 जनवरी को दिल्ली गये थे। वहां पहुंचने पर लगेज का सामान मिलने पर उनके एक बैग की सील टूटी हुई थी और उसमें रखे ढाई लाख कीमत के रत्न जड़ित कंगन गायब थे। विमान से कंगन गायब होने की सूचना दम्पति द्वारा स्पाइस जेट के संबधित अधिकारियों को दी गई थी।
उक्त मामले की शिकायत एसपी हरिनारायणाचारी मिश्र से की गई थी। उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए खमरिया पुलिस ने घटना दिनांक को ड्यूटी पर तैनात विमान कंपनी के लगेज कर्मियों चंद्रेश काले निवासी थियेटर रोड ओल्ड मेस कंपाउण्ड सदर व जितेश पिल्ले निवासी सीता पहाड़ बजरिया से पूछताछ कर चोरी के कंगन बरामद किए हैं।
पूछताछ में चंद्रेश ने बताया कि बैग लोड करते समय ही उसने बैग खोलकर कंगन निकाल लिये थे। यह कारनामा साथी जितेश ने देख लिया था और फिर दोनों ने एक-एक कंगन बांट लिये थे।