पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लगान के डायरेक्टर जबलपुर में करेंगे फिल्म शूट, तलाश रहे हैं परफेक्ट लोकेशन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. लगान फिल्म की अपार सफलता के बाद डायरेक्टर आशुतोष गोवारीकर अपनी अगली अनाम फिल्म की शूटिंग की लोकेशन जबलपुर में तलाश रहे हैं। फिल्म शूट के लिए उनकी टीम के सदस्यों ने जबलपुर में कई स्थानों का भ्रमण किया और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात भी की। ज्ञात हो कि इससे पूर्व प्रसिद्ध फिल्म निर्माता प्रकाश झा की आने वाले फिल्म की शूटिंग जबलपुर में की जानी है।
जानकारों के अनुसार बड़े बैनर की कई सफल फिल्में देने और लगान की सफलता के बाद जाने-माने फिल्म डायरेक्टर आशुतोष गोवारीकर जल्द ही नई फिल्म बनाने की घोषणा करने वाले हैं। इस फिल्म के फिल्मांकन के लिए जबलपुर व आसपास के लोकेशन को उपयुक्त बताया जा रहा है।
शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थल के चयन के लिए फिल्म डायरेक्शन से जुड़ी टीम ने शहर आकर भेड़ाघाट, बरगी व डुमना के आसपास लोकेशन देखी। शहर में भ्रमण करने के बाद टीम के सदस्य पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से मिले और शूटिंग के दौरान आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा कर सहयोग की अपेक्षा जतायी।
जल्द आएंगे गोवारीकर
जानकारों के अनुसार टीम के सदस्यों द्वारा जिन स्थानों का भ्रमण किया गया है, उसमें कुछ स्थान फिल्म के दृश्यांकन के हिसाब से अनुकूल हैं। इन स्थानों का चयन करने फिल्म डायरेक्टर आशुतोष गोवारीकर शीघ्र ही जबलपुर आएंगे।
भोपाल को मिली प्राथमिकता
जानकारोंं के अनुसार इससे पूर्व प्रकाश झा की प्रियंका चौपड़ा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म की अधिकांश शूटिंग जबलपुर में होनी थी, लेकिन जबलपुर में फिल्म शूट के लिए पर्याप्त सुविधा और सहयोग न मिलने से भोपाल को प्राथमिकता दी गई है और वहां पर करीब 50 करोड़ की लागत का सेट तैयार किया गया है। हालांकि इस फिल्म के कुछ दृश्यों की शूटिंग जबलपुर में भी की जाएगी।