पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजबलपुर। शहपुरा में बाइक सवार सगे भाइयों ने एक युवक को घर से बुलाकर उसके ऊपर बंदूक से फायर कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए परिजन तत्काल नेशनल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके पेट में सात छर्रे फंसे होने की जानकारी दी। हमले के बाद दोनों सगे भाई मौके से भाग निकले। पुलिस ने बताया कि दोपहर के समय बरगी नटवारा में गोली चलने से वहीं निवासी 25 वर्षीय आशीष पटेल के घायल होने की खबर मिली।
यह खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे पुलिस कमियों को घायल के पिता रामकृष्ण पटेल ने बताया कि दोपहर के समय उसका पुत्र घर पर टीवी देख रहा था, तभी दोपहर में गांव का एक युवक घर पहुंचा और आवाज लगाकर उसने आशीष को बुलाया तथा वहीं पास में स्थित बगीचे में अनिल व अमित तिवारी ने बुलाया है, कहकर चला गया। जिस पर आशीष, अनिल व अमित तिवारी से मिलने के लिए पहुंच गया। बगीचे में पहुंचते ही दोनों आशीष के साथ दो दिन पहले हुए विवाद पर गाली-गलौज करने लगे।
उसने विरोध किया तो बाइक में छिपाकर रखी बंदूक को निकालकर दोनों ने उसके ऊपर फायर कर दिया। हमले में उसे पेट पर चोटें आई हैं। यह हुआ था विवाद- घायल के परिजनों ने बताया कि 11 मई को गांव से एक परिवार की लगुन गई थी, जहां पर खाना खाते समय आशीष का अमित व अनिल के पिता दुर्गा प्रसाद से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिस पर घर पहुंचकर विवाद की बात दुर्गा प्रसाद ने अपने दोनों पुत्रों को बताई थी। उस दिन भी दोनों ने विवाद किया था, लेकिन गांव बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। उस समय आशीष ने दुर्गा प्रसाद से माफी भी मांगी थी।
आज आनी थी लगुन - परिजनों ने बताया कि आशीष का विवाह शहपुरा निवासी एक युवती के साथ तय हुआ था। आज 15 मई को उसकी लगुन तथा 27 को उसकी बारात आना तय हुई थी, लेकिन इस हमले ने सभी को सकते में डाल दिया। विवाह की तैयारियों में समय के काल ने फिलहाल विराम लगा दिया है और सभी परिजन अस्पताल पहुंच गये हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.