जबलपुर| देवरी पनागर स्टेशन के समीप रामजी व हनुमान जी के मंदिर निर्माण के लिए यहां के बलराम बाबा ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान से आर्थिक मदद मांगी है। फिलहाल यहां से कोई मदद न मिलने पर मंगलवार को बाबा जी ने जनसुनवाई में कलेक्टर शिवनारायण रूपला के समक्ष गुहार लगाई।
कलेक्टर ने भी बाबा की बातें सुनने के बाद आवेदन धर्मार्थ शाखा को प्रेषित कर दिया है। बलराम बाबा का कहना है कि देवरी पनागर स्टेशन के समीप मंदिर व आश्रम का निर्माण कराया जाना है, आर्थिक परेशानियों व सहयोग न मिलने के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है।
बेलखेड़ा में रेत स्टॉक कर बेची जा रही- जनता दल के जंग बहादुर ने कलेक्टर को शिकायत की है कि बेलखेड़ा में नर्मदा से रेत निकालकर स्टॉक रखा गया है। इतना ही नहीं ठेकेदार द्वारा रायल्टी से अधिक राशि लेकर रेत बेची जा रही है और जो रसीद दी जा रही है, वह कम रुपए की दी जा रही है। शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने इस मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और आवेदन को माइनिंग विभाग को कार्रवाई करने प्रेषित कर दिया है।
विधायक ने की शस्त्र लायसेंस की सिफारिश- शस्त्र लायसेंस मिलने में कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब विधायक तक के सिफारिश पत्र तक आने लगे हैं। कलेक्टर की जनसुनवाई में आज पहुंचे उत्तम पटेल निवासी बरेला ने कलेक्टर को बताया कि वह कई दिनों से चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसका लायसेंस नहीं बन रहा है।
उक्त आवेदक ने आवेदन के साथ विधायक प्रतिभा सिंह की अनुशंसा वाला पत्र भी सौंपा, जिसमें विधायक ने लासयेंस दिए जाने की बात कही है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की संख्या काफी कम थी। दो घंटे जनसुनवाई में करीब 32 िशकायतकर्ता ही पहुंचे।