पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डिवाइडर की रेलिंग निकाल कर ले गए लोग, नहीं किया रखरखाव

डिवाइडर की रेलिंग निकाल कर ले गए लोग, नहीं किया रखरखाव

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर। जिसे नगर निगम नए जबलपुर का नाम देकर सबसे खूबसूरत बनाने का दावा कर रहा था, आज उसी विजय नगर इलाके की दुर्दशा देखने लायक है। नगर निगम ने पर्यावरण को ध्यान में रखकर मुख्य मार्ग एमआर फोर रोड के डिवाइडर्स में पौधे लगाकर लोहे की रेलिंग लगवाई थी, ताकि जानवरों से पौधों की

सुरक्षा हो सके, लेकिन निगम के लोग पौधे लगा कर भूल गए और लोहे की रेलिंग निकाल कर बेचने वाले तत्वों ने लोहे की रेलिंग की पूरी कतार ही रात के अंधेरे में गायब कर दी। आज हालात ये हैं कि दरयानी क्लासेस के सामने से लेकर दीनदयाल चौक तक िडवाडर में लगी लोहे की रेलिंग का पता नहीं है।
नहीं किया रखरखाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि विजय नगर को विकसित करने की योजना के तहत नगर निगम ने इलाके में फोरलेन सड़क का निर्माण कर उसमें सुंदरता के लिये लोहे की रेलिंग लगवाई थी। क्षेत्र के लोगों के चेहरे उन पौधों और फूलों को देखकर खिल उठते थे, लेकिन उनकी खुशी ज्यादा दिन तक कायम नहीं रह सकी। सिंचाई व्यवस्था गड़बड़ाने से पौधे और फूल मुरझाने लगे और कुछ दिन में हरियाली खत्म हो गई। डिवाइडर की बगिया उजाड़ होने से निगम ने उसकी ओर देखना बंद कर दिया। इसी वजह से असामाजिक तत्वों को लोहे की रेलिंग काट कर ले जाने का मौका मिल गया। क्षेत्रीय जनों का कहना है कि अगर निगम डिवाइडर के बीच बनी बगिया को हरा-भरा रखता तो कोई भी रेलिंग काट कर ले जाने की हिम्मत नहीं कर सकता था, जब निगम ने ही पौधों की सुरक्षा के लिए लगी लोहे की रेलिंग की सुरक्षा करने का नहीं सोचा तो उनके चोरी होने से कौन बचाता।
निर्माण बना चोरी का कारण
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सीवर लाइन के निर्माण के लिए मुस्कान प्लाजा के सामने के डिवाइडर को निगम ने ही तोड़ दिया था, लेकिन डिवाइडर की रेलिंग को निकाल कर उसको सुरक्षित जगह नहीं रखवाया। लंबे समय तक चले सीवर निर्माण की वजह से लोहे की रेलिंग सड़क के किनारे लावारिस हालत में पड़ी रही, जिसको तोड़कर या काटकर लोग ले जाने लगे। धीरे-धीरे मुस्कान से लेकर नर्मदा अस्पताल तक की लोहे की रेलिंग लोग काटकर ले गए। निगम के अधिकारी व कर्मचारी सीवर लाइन में ही उलझे रहे। उन्हें अहसास ही नहीं हुआ कि कई किलोमीटर की रेलिंग गायब हो गई है।
डिवाइडर की मिट्टी से परेशानी
जानकारों का कहना है कि दीनदयाल चौक से लेकर मुस्कान प्लाजा तक की रेलिंग गायब हो जाने के बाद डिवाइडर की मिट्टी धंसक कर सड़क पर गिर रही है। जिसकी वजह से सड़क पर चलने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में मिट्टी के कारण सड़क पर कीचड़ हो रहा था, जिसे हटाने की मांग क्षेत्रीय लोगों ने की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नागरिकों का कहना है कि नई नगर सत्ता आने के बाद क्षेत्र के रोड डिवाइडर्स को सुधारने का काम तेजी से होना चाहिए, ताकि क्षेत्र की पुरानी सुंदरता को वापस लाया जा सके।पी-1