जबलपुर. एसडीएम जबलपुर के पद पर रहते हुए सरपंच व अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज गिराने के बाद अब सीईओ जिला पंचायत के रूप में श्रीमती नेहा मारव्या ने लंबे समय पर बुधवार को बैठक में तीखे तेवर दिखाए हैं।
बैठक में जानकारी समय पर न भेजने के साथ ही गलत जानकारी प्रस्तुत करने पर नौ अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है, उनमें जिला पंचायत सामाजिक न्याय विभाग के साथ ही श्रम विभाग, नगरीय कल्याण के अलावा तीन जनपद पंचायतों के सीईओ भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में सबसे पहले सीईओ श्रीमती मारव्या ने जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ श्रीप्रकाश चतुर्वेदी को समीक्षा बैठक की जानकारी बनाने में समन्वय स्थापित नहीं करने, सहायक अधीक्षक राजेश ठाकुर को जनपद पंचायतों से आई जानकारी को फोल्डर में अपडेट नहीं करने, कम्प्यूटर आॅपरेटर को जनपद पंचायतों से ई-मेल के माध्यम से प्राप्त जानकारी को समय पर निकालकर अधिकारियों को उपलब्ध नहीं कराने, सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक राजश्री राय को बैठक मंे गलत जानकारी प्रस्तुत करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इसी प्रकार श्रमायुक्त भवन संन्निर्माण कर्मकार मण्डल के श्री भागवत, नगरीय कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सुधाकर सिंह, जनपद पंचायत जबलपुर के सीईओ मनोज सिंह, जनपद पंचायत कुण्डम के सीईओ बसंती दुबे और जनपद पंचायत मझौली के सीईओ पीएल यादव को समीक्षा बैठक की समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने बैठक में गलत जानकारी प्रस्तुत करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
तीन दिन में जवाब देने निर्देश
बताया जाता है कि सीईओ श्रीमती मारव्या ने उपरोक्त अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह कहा है कि संतोषप्रद जवाब प्राप्त न होने पर विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।