जबलपुर. जबलपुर के दुबे परिवार ने अनूठे अंदाज में अपने पुरखों को विदाई दी।
जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए उन्होंने अपने पुरखों की स्मृति में कुल 55 सौ रुपए की राशि भास्कर रोटरी रिलीफ फण्ड में जमा करके उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अब तक फण्ड में पीड़ितों की मदद के लिए कुल 3 लाख 73 हजार 814 रुपए जमा हो चुके हैं।
जबलपुर के सगड़ा में रहने वाले एनके दुबे ने अपने और अपनी पत्नी श्रीमती मधु के अलावा अपने स्व. पिता आरजी दुबे, माता स्व. श्रीमती मैनावती दुबे के साथ स्व. छेदीलाल मिश्रा के नाम पर 11-11 सौ रुपए फण्ड में जमा कराए हैं।
दुबे दंपति का कहना है कि पुरखों को श्रद्धांजलि देकर बाढ़ पीड़ितों की मदद का इससे बेहतर कोई और तरीका नहीं हो सकता। इसी तरह मोती लाल कश्यप ने भी भास्कर रोटरी रिलीफ फण्ड में 5 हजार रुपए की राशि जमा कराई है।
‘पापा हम भी करेंगे पीड़ितों की मदद’
सत्यप्रकाश स्कूल में 5वीं कक्षा के छात्र विहान सिंह और कैंगरू किड्स में अपर केजी की छात्रा कुहू सिंह टीवी पर तबाही के मंजर देखने के बाद उनकी मदद की जिद अपने पिता गौरव सिंह से की। उनका कहना था कि जो बच्चे
जम्मू कश्मीर में भूख से तड़प रहे हैं, हम भी उनकी कुछ न कुछ मदद जरूर करना चाहिए। बच्चों की हठ को एक प्रेरणा के रूप में लेते हुए गौरव सिंह अपने दोनों बच्चों के साथ दैनिक भास्कर कार्यालय आए और उन्होंने फण्ड में 5 हजार रूपए की राशि जमा कराई।