जबलपुर। ताजा जानकारी के अनुसार शहर में 11 वार्ड एससी के लिए आरक्षित होंगे, जबकि 4 वार्ड एसटी के लिए। वहीं 24 वार्ड का आरक्षण ओबीसी के लिए हो सकता है। इस प्रकार कुल 39 वार्ड आरक्षण की श्रेणी में आएंगें, वहीं एक जानकारी में यह भी कहा जा रहा है कि एस सी के कुल 12 वार्ड आरक्षित होंगे, यानी 40 वार्ड आरक्षण की श्रेणी में आएंगें। आरक्षण की प्रक्रिया अब जल्द ही शुरू होने वाली है।
इस प्रक्रिया में बहुत ज्यादा मेहनत नहीं लगेगी, क्योंकि जनसंख्या के आधार पर ही वार्डों का आरक्षण होगा और यह प्रक्रिया परिसीमन के दौरान ही कर ली गई है। आरक्षण का मामला कलेक्ट्रेट में भी निपटाया जाएगा। बताया जाता है कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कई वार्डों को आरक्षित की श्रेणी में लाने के लिए खूब कवायद की और कई वार्डों का नक्शा ही बदल दिया गया। जोड़ घटाकर आरक्षित श्रेणी के मतदाताओं को इधर से उधर लाया गया।
इतने वार्ड इस विधानसभा के
अब ताजा परिसीमन के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों में कितने वार्ड होंगे यह भी तय हो गया है। इस आधार पर अब पश्चिम विधानसभा में 18 वार्ड, उत्तर-मध्य में 20, पूर्व में 21, केन्ट में 11, बरगी में 1और पनागर विधानसभा में 8 वार्ड होंगे।
इन वार्डों का होगा आरक्षण
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब आरक्षण में पश्चिम विधानसभा का दादा बाबूराव परांजपे वार्ड एससी होगा, पूर्व विधानसभा से सिद्धबाबा, रविन्द्र टैगोर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, महर्षि अरविन्द, खेरमाई,राधाकृष्णन और विनोवा भावे वार्ड एससी के लिए आरक्षित होंगे। वहीं केन्ट विधानसभा से अम्बेडकर वार्ड और रानी लक्ष्मी बाई वार्ड एससी तथा महर्षि सुदर्शन वार्ड एसटी के लिए आरक्षित होगा। पनागर विधानसभा से वार्ड क्र. 78 एससी और 70, 75 व 77 नम्बर के वार्ड एसटी के लिए आरक्षित हो सकते हैं। उत्तर-मध्य और बरगी विधानसभा क्षेत्र ऐसे होंगे जहां कोई भी वार्ड सुरक्षित नहीं रहेगा।