पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Russian Artist Came On Stage Heart Attack

मंच पर रूसी कलाकार को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में थमी सांसें

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. तरंग प्रेक्षागृह में चल रहे नाट्य उत्सव में शामिल होने इजरायली दल के साथ आए रूसी कलाकार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इजरायली कलाकारों द्वारा विद अनआर्म्ड फोर्सेज की नाट्य प्रस्तुति 8 फरवरी को की जानी थी। इस नाटक के मुख्य पात्र दिमित्री त्युलपानोव की तबियत अचानक बिगड़ने पर उन्हें जबलपुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी सांसें थम गईं।
साथी कलाकार की मौत की खबर मिलते ही इजरायली दल में मातम छा गया और मंचन से पहले ही रंगकर्मी की सांसें थमने से कला जगत स्तब्ध रह गया। जानकारों के अनुसार मृत रंगकर्मी का शव विशेष विमान से दिल्ली ले जाया जाएगा, वहां से शव को इजरायल रवाना किया जाएगा।
ज्ञात हो कि इस 17वें भारत रंग महोत्सव के समानांतर रंग महोत्सव का आयोजन 6 से 10 फरवरी तक मप्र पावर मैनेजमेंट कंपनी के सहयोग से तरंग प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया है। इस समारोह में इजरायली नाटककार एवं निर्देशक इडिट हरमन के नाटक विद अनआर्म्ड फोर्सेज का मंचन होना था। इस नाटक में रूसी कलाकार दिमित्री त्युलपानोव की प्रमुख भूमिका थी।
जानकारों के अनुसार इजरायली टीम जबलपुर पहुंचने के बाद होटल प्रेस्टिज प्रिंसेस में ठहरी थी। दोपहर को दिमित्री अपने साथियों के साथ तरंग प्रेक्षागृह पहुंचे थे। वहां पर अचानक उनकी तबियत बिगड़ी और उन्हें तत्काल जबलपुर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें सीवियर अटैक आया था।

टूट गई हरमन की जोड़ी- इजरायल के तेल अवीव में जन्मी नृत्यांगना और निर्देशक इडिट हरमन ने वर्ष 1994 में दिमित्री के साथ मिलकर काम करना शुरू किया था और वर्ष 1995 में क्लिपा थियेटर की स्थापना की गई थी। दुनिया भर के थियेटरों व महोत्सवों में प्रस्तुति देने वाली जोड़ी में से दिमित्री ने थियेटर की दुनिया को अलविदा कर दिया।
रंगकर्मियों ने दी श्रृद्धांजलि- तरंग प्रेक्षागृह में आयोजित उमराव के मंचन के पूर्व सभी कलाकारों व रंगकर्मियों नें रूसी कलाकार दिमित्री त्युलपानोव को श्रृद्धांजलि अर्पित की। सभी ने भारी मन से अपने साथी कलाकार को याद किया और उनके इस तरह हुए निधन पर गहरा शोक जताया।
अब नहीं होगा मंचन
वरिष्ठ रंगमंच कर्मी हिमांशु राय ने बताया कि रंगकर्मी की अचानक मौत हो गई। इजरायली कलाकार की मौत होने के कारण आयोजित होने वाले नाटक विद अनआर्म्ड फोर्सेज का मंचन नहीं होगा, साथ ही 8 फरवरी को कोई भी मंचन नहीं होगा और शोक स्वरूप इस दिन कार्यक्रम स्थगित रखा जाएगा।
नहीं हुआ पोस्ट मार्टम
जानकारों के अनुसार इजरायली दल के साथ आए रगंकर्मी की मौत की खबर तत्काल दिल्ली स्थित इजरायल एम्बेसी को दी गई। वहां से चर्चा के बाद रंगकर्मी का पीएम न कराए जाने के निर्देश दिए गए। जानकारों के अनुसार एम्बेसी की मदद से रंगकर्मी के शव को आज विशेष विमान से दिल्ली ले जाया जाएगा, वहां से शव इजरायल भेजा जाएगा।