जबलपुर . नर्मदा रोड पर अवरोध बने शाहनाला का नया पुल बनकर तैयार हो गया है। अब केवल इस पुल को जोड़ने वाली रोड का निर्माण बाकी है। एक तरफ करीब 20 मीटर और दूसरी तरफ 30 मीटर की सड़क ही बनना बाकी है। उसके बाद यह पुल आम लोगों के लिए खोला जा सकता है। यदि विभाग चाहे तो यह काम एक हफ्ते के अंदर किया जा सकता है।
उसके बाद पुल से लोगों का आना-जाना शुरू हो सकता है। 86 लाख की लागत वाले इस पुल के कारण ही नर्मदा रोड को फोरलेन बनाने का सपना पूरा नहीं हाे पा रहा था। इससे पहले खंदारी के पुल के निर्माण में हुई देरी ने श्रद्धालुओं को परेशान किया था। इस वर्ष अप्रैल माह में उसका निर्माण पूरा होने के बाद शाहनाला पुल के निर्माण को पूरा करने के लिए आम लोगों का दबाव था।
इस पुल को दो साल पहले ही बन कर तैयार हो जाना था, लेकिन भूमि विवाद के चलते इस पुल का काम देरी से शुरू हो पाया। इस साल मार्च माह में इस पुल का ठेका दिया गया और उसके बाद ही पुल शुरू हो पाया। वैसे तो पुल का निर्माण मार्च 2015 तक पूरा करने का समय दिया गया था, लेकिन इस बार बारिश देरी से होने तथा बारिश के दौरान भी काम चालू रखने के कारण पुल का निर्माण 6 माह पहले ही हो गया।