जबलपुर. जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ के पीड़ितों के लिए जबलपुर शहर में कई संगठनों के अलावा शनिवार को स्कूली बच्चों ने लोगों के सामने झोली फैलाई। अब तक भास्कर रोटरी जेएण्डके रिलीफ फण्ड में 2 लाख 28 हजार 333 रुपए भी जमा हो चुके हैं।
ध्यान रहे कि भारत के पूर्व एडीशनल सॉलिसिटर जनरल विवेक कृष्ण तन्खा की पहल पर बीते बुधवार को दैनिक भास्कर और रोटरी क्लब ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक कोष गठित करके भास्कर रोटरी जेएण्डके रिलीफ फण्ड के नाम से एक बैंक एकाउण्ट भी खोला था।
स्कूली बच्चों ने संभाला मोर्चा-केन्द्रीय विद्यालय 1 एसटीसी के छात्रों ने शनिवार को मोहल्ले में झोली फैलाकर बाढ़ पीड़ितों के लिए लोगों से मदद मांगी। 8वीं में पढ़ने वाली रिषिका मांझी, 7वीं की निश्चल मांझी, 5वीं के श्रेयांस बर्मन एवं तीसरी की वर्तिका मांझी ने अपने मोहल्ले में झोली फैलाकर मदद मांगी। उन्होंने भास्कर रोटरी जेएण्डके रिलीफ फण्ड में कुल 2157 रुपए जमा कराए हैं।
एमपी फाउण्डेशन गोद लेगा एक गांव-
जम्मू कश्मीर में तबाह हो चुके कई गांवों में से एक गांव एमपी फाउण्डेशन गोद लेगा। मप्र सरकार की मदद से उस गांव को पुराने स्वरूप में लाया जाएगा। फाउण्डेशन के डॉ. हरीश भल्ला ने बताया कि विवेक कृष्ण तन्खा और उनके नेतृत्व में मप्र के कुशल डॉक्टरों की एक टीम अगले सप्ताह बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचेगी।
चूंकि बाढ़ पीड़ित इलाकों में अभी पहुंचना मुमकिन नहीं है, इसलिए खुद आर्मी के डायरेक्टर जनरल डॉ. वीके चतुर्वेदी ने टीम को एक सप्ताह बाद वहां पहुंचकर एक गांव को हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराकर उसे पुराने स्वरूप में लौटाने कहा।