पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

3680 डम्पर रेत का अवैध स्टॉक जब्त, लंबे समय से किया जा रहा था स्टॉक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. कटंगी-पाटन मार्ग पर आधा दर्जन गावों में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से स्टाॅक कर रखे गए रेत को आखिरकार माइनिंग विभाग ने जब्त कर लिया है। माइनिंग विभाग द्वारा इस कार्रवाई में तीन हजार से अधिक डम्पर रेत जब्त किया गया है। जब्त रेत को अब नीलाम करने की योजना तैयार की जा रही है।
बहरहाल पांच गांव में माइनिंग विभाग द्वारा आज सुबह एक साथ छापे की कार्रवाई की गई। इस छापेमारी में यह बात सामने आई है कि गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा रेत का स्टाॅक किया गया है। इस मामले में माइनिंग विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई का प्रतिवेदन कलेक्टर को पेश किया जाएगा।
इस संबंध में माइनिंग इंस्पेक्टर स्नेहलता थावरे ने बताया कि कलेक्टर शिवनारायण रूपला को इस बात की जानकारी मिली थी कि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत का स्टाॅक किया गया है। जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देश मिलने पर अवैध स्टाॅक पर कार्रवाई की योजना तैयार की गई। योजना के अनुसार सबसे पहले पाटन एसडीएम को सूचना दी गई, इसके बाद पाटन एसडीएम आनंद कोपरिया के निर्देश पर पटवारी और कटंगी पुलिस को साथ लेकर छापे की कार्रवाई की गई।
3 करोड़ के करीब की है रेत - इस संबंध में बताया जाता है कि 3680 डंपर रेत पकड़ी गयी है, उसकी कीमत बाजार मूल्य के अनुसार 3 करोड़ रुपए के आसपास होगी।
खेत व जमीन मालिक पर होगी कार्रवाई-इस संबंध में माइनिंग इंस्पेक्टर स्नेहलता थावरे ने बताया कि छापा कार्रवाई की सूचना मिलने पर अनेक स्थान से स्टॉक करने वाले पहले ही भाग गए थे, अब सोमवार को राजस्व अधिकारियों से इस बात का पता लगाया जाएगा कि रेत का अवैध रूप से जो स्टॉक किया गया था, वह किसके खेत व जमीन में किया गया था। इस बात की जानकारी मिलने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।