जबलपुर. सिहोरा थाना क्षेत्र में करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम लमकना सुहजनी मार्ग पर सुबह दो व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी मच गई। सड़क किनारे पड़े शवों के समीप ही एक बाइक बरामद हुई, उसके आधार पर मृतकों की पहचान स्थापित करायी गई। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि दोहरी हत्या कर शवों को अज्ञात आरोपी सड़क किनारे फेंक गये हैं।
मामले को गुमराह करने की नीयत से शवों को ऐसे फेंका गया था कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का नजर आए। पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में टीआई संजय शर्मा ने बताया कि ग्राम सुहजनी के पास सड़क किनारे दो शव व समीप ही एक बाइक पड़ी होने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही के बाद शव की पहचान कराई।
शवों की शिनाख्त मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम पटोरी निवासी 50 वर्षीय सुखचैन यादव व 28 वर्षीय नरेश पटेल के रूप में की गई। जांच में पता चला कि दोनों 26 जनवरी को कपड़ा व्यापार के सिलसिले में जबलपुर आने के लिए बाइक क्रमांक एमपी 20 एमके 1311 से निकले थे। सुबह लोगों ने दोनों शवों के उपर बाइक पड़ी देख हादसे की आशंका जताते हुए सिहोरा थाने में सूचना दी थी। जांच के दौरान शवों पर चोट के निशान होने से मामला हत्या का नजर आ रहा है।
मोबाइल खंगाल रही पुलिस
घटना की जांच करते हुए पुलिस मृतकों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल कर अंधी हत्या का खुलासा करने में जुटी है। जांच अधिकारी का कहना है कि मृतक आपराधिक प्रवृिा के थे और दोनों की किस से रंजिश थी, इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हत्या का संदेह
घटना स्थल पर जिन परिस्थितियों में शव मिले हैं, उससे यह संदेह है कि हत्या के बाद शवों को लाकर फेंका गया है। मृतकों के शरीर पर चोट के निशान होने से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
-जेएस बिसेन एसडीओपी, सिहोरा