जबलपुर. रानीताल चौराहे पर ट्रेफिक सिग्नल तो लगा है, मगर ट्रायल नहीं हो पा रहा है। तकरीबन एक माह पहले सिग्नल लगते ही ट्रायल शुरू हुआ था, लेकिन तभी एक व्यापारी की मौत हो गई और बवाल मच गया। इस दौरान ट्रेफिक पुलिस ने ट्रायल पर रोक लगाना ही बेहतर समझा। अब पुन: यातायात पुलिस ने ट्रायल की तैयारी शुरू कर दी है, जल्द ही लोगों की सुविधा के लिए सिग्नल शुरू कर दिए जाएंगे।
रानीताल चौक पर पहले गोल घेरे की रोटरी बनी थी। उस घेरे की वजह से चौराहा काफी छोटा लगता था, लंबे समय के बाद और काफी प्रयासों के बाद उसे तोड़कर अलग किया गया। उसके बाद तो जैसे यहां का यातायात मानो अराजक हो गया। चौराहा चौड़ा होने के कारण जिसका जहां से मन करता मुड़ जाता, सबसे अधिक नियमों का उल्लंघन गोलबाजार से दमोहनाका की ओर जाने वाले लोग करते हैं।