जबलपुर. बेलबाग थाना क्षेत्र स्थित तुलसी मोहल्ला निवासी एक महिला के सूने घर से अज्ञात चोरों ने करीब एक लाख का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर दरवाजा तोड़ा उसके बाद इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह डयूटी से लौटने पर महिला को चोरी की जानकारी लगने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तुलसी मोहल्ला निवासी ललिता मोंगरे आर्मी अस्पताल में नौकरी करती है। बीती शाम वे घर पर ताला लगाकर डयूटी पर गई थी। सुबह साढ़े 7 बजे के करीब वापस घर लौटी तो देखा कि दरवाजे पर लगा ताला गायब था और दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर झांकने पर गृहस्थी का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
महिला ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि ताला तोड़कर घुसे चोरों ने नकदी, गृहस्थी का सामान व कपड़े आदि करीब एक लाख का सामान चोरी कर लिया है। महिला का कहना था कि करीब एक वर्ष पूर्व भी उसके घर पर चोरी की वारदात हुई थी, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े गये थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।