स्कूल के आठ साल से अधूरे अतिरिक्त कक्ष में बंधी थी गाय, भरा था भूसा
वरिष्ठ अधिकारियों को वस्तु स्थिति नहीं बताने पर बीआरसी को निलंबित करने के निर्देश दिए
भास्कर संवाददाता | झाबुआ
अंतरवेलिया के शासकीय प्राथमिक विद्यालय तड़वी फलिया में अतिरिक्त कक्ष आठ साल बाद भी पूरा नहीं बन पाया है। निर्माणाधीन कक्ष में गाय बंधी जा रही है और कक्ष में भूसा भर दिया गया है।
यह स्थिति गुरुवार को प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी के निरीक्षण में सामने आई। उनके साथ आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त शकुंतला डामोर भी थी। शाला के बालक-बालिकाओं के लिए बनाए जाने वाला शौचालय अधूरा मिलने पर प्रभारी कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। इस पर उन्होंने बीआरसी को फटकार लगाते हुए मॉनिटरिंग नहीं किए जाने व वरिष्ठ अधिकारियों को वस्तु स्थिति से अवगत नहीं कराने पर बीआरसी झाबुआ संजय सिकरवार को निलंबित करने के निर्देश सहायक आयुक्त को दिए। शाला भवन बहुत ऊंचाई पर बने होने से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल रेलिंग लगवाने के निर्देश डीपीसी को दिए।
स्कूली बच्चों से की चर्चा
चौधरी ने स्कूली बच्चों से भी चर्चा की। बच्चों ने बताया कल कुछ बच्चे स्कूल नहीं आए थे, तो उन्होंने कृमिनाशक दवाई का सेवन नहीं किया। प्रभारी कलेक्टर चौधरी ने बच्चों को समझाया कि कृमिनाशक गोली से पेट के अंदर के कीड़े मर जाते हैं, अत: आप सभी शिक्षक से गोली प्राप्त करके खाएं। स्कूल के शिक्षक को बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा।
स्कूल में बच्चों से चर्चा करते प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी।
अंतरवेलिया के शासकीय स्कूल के अतिरिक्त कक्ष में इस तरह भूसा भरकर रखा गया है।