अभी सप्ताह में दो दिन चलेगी जनता एक्सप्रेस
जनवरी-फरवरी में 18 ट्रेनों के लिए रेलवे ने दिन निर्धारित किया था शेड्यूल, कोहरा नहीं पड़ा तो पुराना शेड्यूल लागू किया
भास्कर संवाददाता| झाबुआ
मेघनगर स्टेशन से गुजरने वाली 18 में से 17 एक्सप्रेस ट्रेन अब पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित चलेगी। सिर्फ जनता एक्सप्रेस के समय में कोई बदलाव नहीं किया है। यह ट्रेन फिलहाल सप्ताह में दो दिन ही स्टेशन से गुजरेगी। दरअसल जनवरी-फरवरी माह में मौसम में आने वाले बदलाव के चलते दिल्ली की ओर घना कोहरा हो जाता है। ऐसे में ट्रेन कई घंटे देरी सी चलती है। लिहाजा इस बार रेलवे ने दूरदर्शिता दिखाते हुए पहले ही दिल्ली-मुंबई ट्रेक पर मेघनगर स्टेशन से होकर गुजरने वाली 18 ट्रेनों के टाइम टेबल में बदलाव कर दिया था। हालांकि मौसम साफ रहा और ट्रेक पर कोहरे जैसे हालात नहीं बनें। ऐसे में रेलवे ने पूर्व में लिए निर्णय में बदलाव करते हुए फरवरी से ही सभी एक्सप्रेस ट्रेनों को नियमित कर दिया।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत झाबुआ जिले का सबसे बड़ा रेल्वे स्टेशन मेघनगर है। यहां से रोजाना दर्जनों ट्रेन गुजरती है और सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। चूंकि दो महीने तक ट्रेन तय दिन पर ही चल रही थी, जिससे यात्रियों की खासी फजीहत हुई। यह स्थिति 29 फरवरी तक रहती, लेकिन रेलवे ने पुराना शेड्यूल लागू कर दिया। जिससे अब यात्रियों को राहत रहेगी।
ये ट्रेन नियमित चलेगी
12415 इंदौर-निजामुद्दीन
12416 निजामुद्दीन-इंदौर
12904 अमृतसर-मुंबई
12903 मुंबई-अमृतसर
12919 इंदौर-जम्मूतवी
12920 जम्मूतवी-इंदौर
12925 बांद्रा-अमृतसर
12926 अमृतसर-बांद्रा
12951 मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्स.
12952 दिल्ली-मुंबई राजधानी एक्स.
12953 अगस्त क्रांति
12954 अगस्त क्रांति
19019 बांद्रा-देहरादून
19020 देहरादून-बांद्रा
19037 अवध एक्सप्रेस
19038 अवध एक्सप्रेस
19023 जनता एक्सप्रेस मंगलवार व शनिवार।
19024 जनता एक्सप्रेस मंगलवार व गुरुवार।