लूट की नीयत से बाइक सवारों पर बदमाशों ने बरसाए पत्थर
टिमाइची मार्ग पर हुई घटना, बाइक व मोबाइल छीन ले गए बदमाश
झकनावदा/पेटलावद| मंगलवार रात बदमाशों ने आतंक मचाया। उन्होंने लूट की नीयत से बाइक सवारों पर पत्थर फेंके। घटना मंगलवार रात टिमाइची मार्ग पर हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां से रात करीब आठ बजे झकनवादा निवासी हरिराम चोयल और जगदीश भायल गुजर रहे थे। तभी 8 से 10 हथियारबंद बदमाशों ने उन पर पत्थर बरसाए। वे जैसे-तैसे बचकर वहां से भागे। इसी दौरान शांतिलाल भूरिया निवासी टिमाइची अपनी बाइक से सेमलिया से टिमाइची जा रहे थे। बदमाशों ने इन पर भी पथराव किया। पत्थर लगने से रुक गए। इस पर बदमाशों ने उन्हें घेरकर बाइक व मोबाइल छीन लिया। शांतिलाल जैसे तैसे गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। घटना सरदारपुर और रायपुरिया थाने की सीमा पर होने से मामले की रिपोर्ट सरदारपुर थाने में की गई।
नहीं पहुंची 100 डायल : झकनावदा के मनोहरसिंह सेमलिया ने पुलिस को सूचना देने के लिए 100 डायल किया। लेकिन 100 डायल के बल ने कहा जिस व्यक्ति के साथ घटना हुई है वही फोन लगाएगा तो ही वे मौके पर पहुंचेंगे। लिहाजा पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।