दो पहिया वाहन के लिए भी खुलेगा कलेक्टर ऑफिस के पीछे का रास्ता
प्रभारी मंत्री आर्य ने प्रभारी कलेक्टर को दिए निर्देश
भास्कर संवाददाता| झाबुआ
कलेक्टर कार्यालय के पीछे से बस स्टैंड जाने वाला मार्ग दो पहिया वाहन चालकों के लिए खोला जाएगा। करीब दो महीने पहले कलेक्टर ने सुरक्षा का हवाला देते हुए इस रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी थी। जिसका नगर के कई सामाजिक संगठनों ने विरोध भी किया था।
यह रास्ता कलेक्टर ऑफिस के पीछे से सीधा बस स्टैंड पर निकलता है। वर्षों से दो पहिया वाहन चालक और पैदल यात्री इस मार्ग का उपयोग कर रहे थे। लेकिन अचानक यहां दीवार खड़ी कर इसे बंद कर दिया गया। सकल व्यापारी संघ सहित कई सामाजिक संगठनों ने इसे खोलने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपे थे। लेकिन निराकरण नहीं हुआ। स्थिति से भाजपा जिलाध्यक्ष दौलत भावसार को भी अवगत कराया गया था। शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री अंतरसिंह आर्य झाबुआ में थे। इस दौरान भावसार ने जनमानस से जुड़ी इस समस्या को उनके सामने रखा। इस पर मंत्री आर्य ने दो पहिया वाहन चालकों के लिए इस रास्ते को खोलने के निर्देश प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी को दिए।
इमली तिराहे से हटेगी कचरे की ट्रैक्टर ट्रॉली : रातीतलाई और कन्या हायर सेकंडरी स्कूल की ओर जाने वाले तिराहे के समीप खड़ी रहने वाली कचरे की ट्रैक्टर ट्रॉली को सकल व्यापारी संघ के अध्यक्ष नीरजसिंह राठौर ने हटाने की मांग की है। ट्रॉली के कारण रास्ता नजर नहीं आता। राठौर ने नपा से इसे हटाने की मांग की। नपा ने रविवार से ट्रॉली हटाने की बात कही है।
इस दीवार से दोपहिया वाहन चालकों के निकलने लिए जगह बनाई जाएगी।