- Hindi News
- National
- ग्रामीणों को पात्रता पर्ची जारी नहीं करने वाले सचिव व रोजगार सहायक होंगे निलंबित
ग्रामीणों को पात्रता पर्ची जारी नहीं करने वाले सचिव व रोजगार सहायक होंगे निलंबित
पूर्व सरपंच ने टैंकर नहीं किया हैंडओवर, प्रकरण दर्ज करेंगे
भास्कर संवाददाता| झाबुआ
प्रभारी मंत्री अंतरसिंह आर्य ने शनिवार को ग्राम पंचायत भेरूगढ़ में चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सरपंच ने पेयजल टैंकर पंचायत को हैंडओवर नहीं किया है तो प्रभारी मंत्री ने उसके विरुद्ध 107/16 में कार्रवाई के निर्देश दे दिए। वहीं ग्रामीणों को पात्रता पर्ची जारी नहीं करने के कारण सचिव खुशाल के साथ रोजगार सहायक को निलंबित करने का नोटिस जारी करने को कहा। चौपाल में बुजुर्ग महिला रामूड़ी से पूछा कि वृद्धावस्था पेंशन मिलती है या नहीं। रामूड़ी ने इनकार किया तो प्रभारी मंत्री ने तत्काल पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। चौपाल में सीसीबी अध्यक्ष गौरसिंह वसुनिया, प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी, एसपी संजय तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
झाबुआ. भेरूगढ़ में लगी चौपाल में ग्रामीणों की समस्या सुनने के लिए प्रभारी मंत्री के साथ अधिकारीगण भी पहुंचे।