गेट का नकुचा तोड़ घुसे चोर, सेंट्रल लॉक नहीं तोड़ पाए तो भाग निकले
जगमोहनदास मार्ग में शाह के घर वारदात का प्रयास
भास्कर संवाददाता| झाबुआ
जगमोहनदास मार्ग में रहने वाले हेमेंद्र इंदुलाल शाह के घर बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। घर के मुख्य दरवाजे का सेंट्रल लॉक नहीं टूट पाने के कारण वे भाग निकले। रहवासी क्षेत्र में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में भय है।
घटना शुक्रवार रात की है। हेमेंद्र इंदुलाल शाह दुर्घटना में घायल होने के बाद वड़ोदरा में भर्ती है। पूरा परिवार उन्हें देखने वड़ोदरा गया हुआ था। रात में बदमाशों ने गेट पर लगा ताला तोड़ने का प्रयास किया। जब सफलता हाथ नहीं लगी तो गेट का नकुचा तोड़ दिया।
बरामदे से वे अंदर घुसे जहां मुख्य दरवाजे का नकुचा तोड़ा, बदमाश दरवाजे का सेंट्रल लॉक नहीं तोड़ पाए तो भाग निकले। शनिवार सुबह ऑटो चालक अब्दुल रहमान शेख ने हेमेंद्र के घर के गेट पर कपड़ा डला देखकर समीप ही रहने वाले भंडारीजी को इसकी जानकारी दी। जब उन्होंने कपड़ा हटाकर देखा तो नकुचा टूटा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर टीआई अनिल सिंह पहुंचे।
पास में पटक गए थे टूटा नकुचा और ताला : तोड़ा हुआ नकुचा व ताला बदमाश गेट के समीप ही छोड़ गए थे। इतना ही नहीं सेंट्रल लॉक नहीं टूटने पर वे जाते-जाते मुख्य गेट पर कपड़ा डाल गए ताकि किसी को इसकी खबर न लगे। संभावना जताई जा रही है कि बदमाश रात में दोबारा आकर काम को अंजाम देते।
जैसे ही लोगों को पता चला शाह के घर बाहर भीड़ लग गई।