जिला अस्पताल से बाइक चोर हथकड़ी सहित फरार
मंगलवार तड़के करीब साढ़े 5 बजे की घटना
भास्कर संवाददाता| झाबुआ
जिला अस्पताल में भर्ती बाइक चोर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया। घटना मंगलवार तड़के करीब साढ़े 5 बजे की है। मामले में एसपी संजय तिवारी ने ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक इंद्रप्रताप को निलंबित कर दिया। वहीं एसएएफ 15वीं बटालियन ए कंपनी के प्रधान आरक्षक रामबाबू और आरक्षक बृजेंद्र सेन व उमेश तोमर को निलंबित करने के लिए कमांडेंट को पत्र लिखा है।
बताया जाता है कि झाबुआ कोतवाली की टीम ने बाइक चोर मुकेश पिता धुमा निवासी बड़ी गेलर को 6 फरवरी को गिरफ्तार किया था। तबीयत खराब होने से पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
मंगलवार तड़के मुकेश चारों की आंखों में धूल झोंककर भाग निकला। इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। चारों पुलिसकर्मियों ने बदमाश को आसपास तलाशा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाद में अलग-अलग पुलिस टीमें बदमाश को गिरफ्तार करने रवाना हुई। हालांकि दोपहर तक उसका कुछ पता नहीं चला था।
हेड कांस्टेबल को सस्पैंड कर दिया है
चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी होने के बावजूद एक बदमाश को इस तरह भाग जाना बड़ी लापरवाही है। मामले में विभाग के हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। वहीं एसएएफ के प्रधान आरक्षक व दो जवानों के निलंबन की कार्रवाई के लिए उनके कमांडेंट को लिख दिया है। संजय तिवारी, एसपी, झाबुआ