महिला बाल विकास के दल ने रुकवाए दो बाल विवाह
लाडो अभियान अंतर्गत शहर में हो रहे बाल विवाह रुकवाए गए। सूचना मिलने पर महिला सशक्तिकरण अधिकारी के मार्गदर्शन एक दल विवाह रोकने पहुंचा। दल के सदस्यों ने माता-पिता को समझाइश दी।
दरअसल, नगर के दिलीप गेट उदयपुरिया में संदीप पिता बहादुर का बाल विवाह होने की सूचना मिली। इस पर बाल संरक्षण अधिकारी रूपाली जैन, पर्यवेक्षक राधा डावर, चाइल्ड लाइन की प्रियंका, आशीष, प्रेतना व बेनेडिक्ट पहुंचे। जब बालक का उम्र संबंधी प्रमाण पत्र देखा गया तो उसकी उम्र 19 वर्ष होना पाई गई। इस पर बालक के माता-पिता को बाल विवाह न करने की समझाइश दी गई। उन्हें कहा कि संदीप का विवाह 21 वर्ष की आयु में ही किया जाए। एक अन्य मामले में दिलीप गेट पर ही पूजा पिता रतन वसुनिया की भी सगाई हो रही थी। जब उसका उम्र संबंधी प्रमाण पत्र देखा तो उसकी उम्र 14 वर्ष पाई गई। इस पर पूजा के पिता को भी समझाइश दी। दल ग्राम उमरी में भी बाल विवाह रूकवाने पहुंचा। उल्लेखनीय है कि 18 वर्ष से कम की लड़की व 21 वर्ष से कम उम्र के लड़कों की शादी करना बाल विवाह की श्रेणी में आता है।
ग्राम उमरी में बाल विवाह रोकने की सलाह देती टीम ।