राणापुर से जब्त किए तीन घरेलू गैस सिलेंडर व भट्टे
जिला आपूर्ति अधिकारी की टीम ने की कार्रवाई
भास्कर संवाददाता | झाबुआ
राणापुर की होटलों में इस्तेमाल हो रहे घरेलू गैस सिलेंडर जब्त करने की कार्रवाई की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी माधवसिंह अलावा, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीराम बरडे और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सवेसिंह गामड़ जैसे ही कार्रवाई के लिए पहुंचे अन्य होटल संचालकों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी के आदेश पर हुई। अधिकारियों ने होटल में जाकर गैस सिलेंडर की जांच की। पुलिस चौकी के सामने स्थित सुमित नाश्ता सेंटर के मुकेश पिता रमेशचंद्र सालवी के यहां एक रसोई गैस सिलेंडर गैस मय भट्टे के साथ जब्त किया गया। जिसका मूल्य करीब 1900 रुपए है। इसके बाद बजरंग बाण नाश्ता सेंटर के कमलेश पिता ओंकार चौहान व महावीर चाट सेंटर के सौभाग जैन के यहां से एक रसोई गैस सिलेंडर जब्त करने की कार्रवाई की। इन संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए।