(पंधाना रोड क्षेत्र में मिश्रा कपाउंड के लोगों ने पानी के डबरे में खड़े होकर निगम का पुतला फूंका।)
खंडवा । शहर में चल रहे जनआंदोलन से अफसर-जनप्रतिनिधि घबरा गए हैं। यहीं वजह है कि हाउसिंग बोर्ड की तीन कॉलोनियां निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया तेज हो गई। गुरुवार को दफ्तर खुलते ही बोर्ड के कार्यपालन यंत्री एनके वर्मा, सहायक कार्यपालन यंत्री
पीके मेहता और सतीश कोटवाले हाथों में फाइल लेकर नगर निगम दफ्तर पहुंच गए। यहां आयुक्त एसआर सोलंकी से मंत्रणा की। फिर वत्सला विहार, दीनदयालपुरम और नागचून रोड कॉलोनी हस्तांतरित करने का प्रस्ताव दिया।
प्रस्ताव में कॉलोनियों में मौजूद संपत्तियों की सूची भी दी है। आयुक्त ने तत्काल निगम अफसरों को बुलाकर अनुबंध तैयार करने के निर्देश दे दिए। संपत्तियों के सत्यापन के लिए उपयंत्रियों की टीम बना दी। यह टीम दो दिन में कॉलोनियों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट बना लेगी। इसके बाद एमआईसी बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। जहां पारित होते ही कॉलोनियां निगम में हस्तांतरित हो जाएगी। कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं जुटाने के लिए बोर्ड नगर निगम को 4.57 करोड़ रुपए भी देगा। निगम को इस राशि से यहां सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट्स आदि के इंतजाम करना है।
यह है कॉलोनियों में
- वत्सला विहार में 103 मकान है।
- वत्सला विहार बी में 37 मकान, 92 मकानों का काम चल रहा है।
- नागचून रोड कॉलोनी में 244 भूखंड हैं। इनमें से 7 पर मकान बने हुए हैं।
- दीनदयालपुरम् कॉलोनी में 333 मकान है, इसके साथ ही 67 भूखंड है।
ऐसे होंगी हस्तांतरित
- शुक्रवार तक अनुबंध पत्र तैयार कर लिया जाएगा।
- दो दिन में निगम की टीम कॉलोनियों में उपलब्ध संपत्तियों का सत्यापन करेगी।
- इसके बाद कॉलोनियों में विकास कामों के लिए इस्टिमेट तैयार किया जाएगा।
- अक्टूबर के पहले सप्ताह में एमआईसी की बैठक संभावित है। इसमें प्रस्ताव रखा जाएगा।
- स्वीकृति पर कॉलोनियां हस्तांतरित हो जाएगी।
अनुबंध के बाद देंगे राशि
''तीन कॉलोनियां निगम को हस्तांतरित करने के लिए प्रस्ताव दे दिया। मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 4.57 करोड़ रुपए निगम को देंगे। यह राशि अनुबंध के बाद दी जाएगी। अब कॉलोनियों का विकास निगम कराएगा।'' -एनके वर्मा, कार्यपालनयंत्री, मप्र हाउसिंग बोर्ड
कर रहे हैं अनुबंध की तैयारी: '' प्रस्ताव मिला है, अनुबंध की कार्रवाई चल रही है। पहले तीनों कॉलोनियों की संपत्तियों का सत्यापन किया जाएगा। एमआईसी में प्रस्ताव रखने के बाद स्वीकृति मिलने पर हस्तांतरण किया जाएगा।'' एसआर सोलंकी,निगमआयुक्त
पप्पू मिश्रा, शब्बीर हुसैन, प्रशांत मिश्रा, फातिमा बी ने बताया आंदोलन जारी रहेगा। वत्सला विहार कॉलोनी में प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के मुखौटे लगाकर सांकेतिक रूप से लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर कोसा। लोगों ने लिखा अच्छे दिन गए, बुरे दिन आने वाले हैं।
शहर में जनआंदोलन गुरुवार को और तेज हो गया। महात्मा गांधी वार्ड के राघव नगर में महिलाओं ने पथरीली सड़क पर झाडू लगाकर निगम को कोसा। लोगों का कहना है निगम खुद की कॉलोनियां तो संभाल नहीं पा रहा है। हाउसिंग बोर्ड से कॉलोनियां लेकर कितना विकास कराएगा। पहले ही कॉलोनियां हस्तांतरित हुई लेकिन वहां विकास नहीं हुए। छात्रा भावे माहेश्वरी और तुष्टि जैन ने बताया वे इन पथरीली सड़कों पर गिरने से घायल हो गए।
न आंदोलन से घबराए अफसर|हाउसिंग बोर्ड की वत्सला विहार, दीनदयालपुरम और नागचून रोड कॉलोनी निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया तेज, निगम चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले कॉलोनियां हस्तांतरित करने के प्रयास
पानी के डबरे में खड़े होकर फूंका निगम का पुतला, ...और इधर, पथरीली सड़क पर लगाई झाडू।