खंडवा/नर्मदानगर। शहर में 1000 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता वाला इंदिरासागर बांध लबालब हो गया। मंगलवार शाम इसका जलस्तर 262.20 मीटर तक पहुंच गया। कुल क्षमता 262.60 मीटर है। बांध के लबालब होने पर इसके गेट खोलने का निर्णय लिया। शाम 6.15 बजे एक-एक कर पांच गेट खोले। सभी गेट आधा मीटर तक खोले गए। यहां से एक हजार क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। इस बार बारिश के सीजन में यह पहला मौका था जब बांध के गेट खोलने की नौबत आई। बांध के गेट खुलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोगों ने पुल से बांध के खुले गेट से पानी निकलने का नजारा देखा। डीसीआर कंट्रोल रूम प्रभारी ने बताया पांचवां गेट अटकने के कारण प्रबंधन ने 12 गेट और खोलकर टेस्टिंग की। कुछ देर बाद आठ गेट बंद कर दिए।
बांध का जलस्तर 262.20 मीटर पहुंचने के बाद एक-एक करके पांच गेट आधा मीटर तक खोलने पड़े, इस बार बारिश के सीजन में पहली बार खुले बांध के गेट।
इंदिरासागर से छूटा पानी ओंकारेश्वर बांध पहुंचा तो वहां भी खोलने पड़े पांच गेट।
पूरीक्षमता से बन रही बिजली- दोनों बांधों से पूरी क्षमता से बिजली बन रही है। इंदिरासागर से 1000 और ओंकारेश्वर से 520 मेगावाट बिजली बन रही है।
तटीय क्षेत्रों में अलर्ट: इंदिरा सागरऔर ओंकारेश्वर बांध के गेट खोले जाने के बाद कलेक्टर एमके अग्रवाल ने बैठक कर तटीय क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एडीएम और अन्य अधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा की। नर्मदा नदी के किनारे वाले गांव, भराव वाले क्षेत्रों में अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। एडीएम एसएस बघेल ने बताया बरसात के दिनों में नर्मदा किनारे हमेशा अलर्ट की स्थिति रहती है। गेट खोलने के बाद इन क्षेत्रों के अधिकारियों को नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
खंडवा तापमान 30.122.4
बांधों का जलस्तर
इंदिरासागर 262.10 मीटर
ओंकारेश्वर 189.00 मीटर
भगवंत सागर 1347.25 फीट
(जल स्तर समुद्र सतह से)
मानसून मीटर
01.37 (सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक बारिश इंच में)
2014 2013
44.73 47.83
आज नहीं होगा मेंटेनेंस, पूरे दिन मिलेगी बिजली
बिजली कंपनी बुधवार को मेंटेनेंस नहीं करेगी। पूरे दिन निर्बाध बिजली मिलेगी। इधर, मंगलवार को दूधतलाई फीडर का मेंटेनेंस किया। कई क्षेत्रों में सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक बिजली बंद रही। सिहाड़ा में सोमवार रात 9 बजे बिजली गुल हुई जो दूसरे दिन शाम 6 बजे आई। ग्रामीणों ने शिकायत भी की थी लेकिन विद्युत आपूर्ति दूसरे दिन चालू की। अधीक्षण यंत्री सुरेशचंद्र वर्मा ने बताया शिकायत नहीं मिली।
शहर में आधा घंटा तेज बारिश
मंगलवार दोपहर शहर में आधा घंटा तेज बारिश हुई। इस दौरान आधा इंच बारिश दर्ज की। शहर में सोमवार सुबह 8 से मंगलवार सुबह 8 बजे तक सवा इंच बारिश हुई। अभी तक 66.8 इंच बारिश हो चुकी है।
नर्मदा तट से दुकानें हटाने के लिए अनाउंसमेंट किया
ओंकारेश्वर।मंगलवाररात 8.15 बजे से एक-एक कर ओंकारेश्वर बांध के पांच गेट डेढ़ से तीन मीटर तक खोले। 1500 क्यूमेक्स पानी बांध से और दो हजार क्यूमेक्स पॉवर हाउस से सभी आठ टरबाइनें चलाकर छोड़ा जा रहा है। गेट खोलने से पहले बांध प्रबंधन ने रात 8 बजे सायरन बजाकर लोगों को सचेत किया। प्रशासन ने भी शाम 5 बजे से उद्घोषणा कर नाविकों को नौकाएं सुरक्षित स्थान पर बांधने तथा घाट के दुकानदारों से दुकानें हटाने की अपील की। बांध और पॉवर हाउस से कुल 3500 क्यूमेक्स पानी छोडऩे से नर्मदा का जलस्तर रात 8.30 बजे तक सामान्य (160 मीटर) से आठ फीट अधिक हो गया।
(मंगलवार शाम एक-एक कर इंदिरासागर बांध के 5 गेट खोले गए।)