(तेज आंधी के साथ आई बारिश)
खंडवा। शहर में सोमवार रात 9.30 बजे आंधी के साथ आधा घंटा तेज बारिश हुई। पड़ावा, सिविल लाइंस, सिहाड़ा रोड पर आधा दर्जन से ज्यादा पेड़ गिर गए। इससे डेढ़ घंटा तक आधे शहर में अंधेरा पसरा रहा। एसपी ऑफिस के पास रोड पर पेड़ गिर गया। निगम ने जेसीबी ने हटाया। पदमनगर इंदौर रोड पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए।
इंडस्ट्रीयल फीडर इमरजेंसी फीडर में फाल्ट हो गया। फीडर में फाल्ट होने से शहर के खड़कपुरा, सराफा, कुंडलेश्वर वार्ड, मच्छी बाजार, कहारवाड़ी, बांबे बाजार, शिवाजी चौक, इमलीपुरा, पदमनगर, सिविल लाइंस सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। शहर में 1 जून से अब तक 65.51 इंच बारिश हो चुकी है। जिले में औसत बारिश 43.87 इंच हुई।
पिछले सप्ताह हुई बारिश से दो करोड़ का नुकसान : एक सप्ताह पहले जिले में हुई भारी बारिश और बाढ़ से 2 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने नुकसान के आधार पर 75 लाख रुपए राहत राशि की मांग की। अभी जिले की सभी तहसीलों से अंतिम रिपोर्ट नहीं आई है। इसके आने के बाद नुकसान का आंकड़ा ढाई करोड़ तक जा सकता है। एडीएम एसएस बघेल ने बताया अंतिम रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
खालवा-हरसूद-बोरगांवमें भी तेज बारिश | खालवा में शाम साढ़े 7 बजे से बारिश शुरू हुई। हरसूद में रात 8 बजे से बारिश होने लगी। बोरगांव बुजुर्ग में रात साढ़े 9 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ। रुक-रुककर बारिश होती रही।
राहत आयुक्त ने कहा बाढ़ आए तो तुरंत बताएं: राहत आयुक्त ने कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा है अतिवृष्टि होने और बाढ़ आने की जानकारी तुरंत नहीं दी जाती। कुछ दिनों बाद नुकसान की जानकारी देते हैं और राहत राशि की मांग की जाती है। यह गलत है। आगे से बारिश-बाढ़ की सूचना तुरंत दी जाए।
आंधी के साथ शुरू हुई तेज बारिश से कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। पड़ावा क्षेत्र में अंधेरा पसर गया।
पदमनगर रोड पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए। इससे आधे शहर में डेढ़ घंटा बिजली गुल रही।