(दुर्घटना में वेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।)
मूंदी (खंडवा)। नगर के खंडवा रोड पर रविवार सुबह 11 बजे
मारुति वेन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से तीन की मौत हो गई। दुर्घटना में पांच अन्य घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें जिला अस्पताल रैफर किया गया। दुर्घटना में एक 8 वर्षीय बालक चमत्कारिक रूप से बच गया। इसी बालक की मान उतारने सभी लोग बड़वाह से सैलानी बाबा (जावर) जा रहे थे। हादसा इतना वीभत्स था कि दो शव वाहन के गेट तोड़कर निकालने पड़े।
एएसआई मोरध्वज पांडे ने बताया मारुति वेन क्रमांक एमपी-09 बीए 4850 में सवार बड़वाह के लोग सांईप्रीत पिता सूरज कौशल के तुलादान के लिए सैलानी बाबा जा रहे थे। इस दौरान वाहन पेड़ से टकरा गया। घटना में ताराचंद पिता अमरसिंह लोधी (52) चेतन उर्फ भूरू पिता नारायण (40) की मौके पर ही मौत हो गई। महेश पिता सुखराम मानकर, वाहन चालक मोहन पिता मन्नू लोधी (43), सोहनलाल पिता हीरालाल (56), योगेश पिता नेमीचंद कौशल (25) मानसिंह पिता धनसिंह राजपूत (40) छीतर पिता कमल मानकर (30) को गंभीर अवस्था में स्थानीय अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान महेश ने भी दम तोड़ दिया। शेष घायलों को उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया। शाम 4 बजे तीनों शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा गया।
ये मारे गए :
चेतन उर्फ भूरू
महेश मानकर
ताराचंद लोधी
हादसा होते ही सांईप्रीत कौशल खिड़की से बाहर गिरा,खरोंच तक नहीं आई: खिड़की से बाहर गिरा बालक दुर्घटना का शिकार हुए वाहन में सवार सांईप्रीत कौशल हादसा होते ही खिड़की से बाहर गिरा। उसे खरोंच तक नहीं आई। वीभत्स हादसे के दौरान बालक को कुछ नहीं होने पर इसे चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा। नगर के जिराती उर्फ मुन्ना गुर्जर इस बालक को जब अस्पताल लेकर आए तो वहां भीड़ जमा हो गई। पूछताछ में बालक ने रोते हुए सभी घायलों को अपना रिश्तेदार बताया। स्थानीय लोगों ने उसे दुलार कर खाने-पीने की व्यवस्था की।