पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खंडवा जेल से भागे आतंकी यूपी में बना रहे थे बम

खंडवा जेल से भागे आतंकी यूपी में बना रहे थे बम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(सीसीटीवी में कैद आतंक के चेहरे : विस्फोट में घायल, 70 फीसदी झुलसा सभी फरार।)
खंडवा। खंडवा जेल से 11 महीने पहले भागे सिमी के पांच आतंकी और उनके एक साथी का पता चल गया है। ये सभी उत्तरप्रदेश के बिजनौर में बम बना रहे थे। वहां मलिन बस्ती जाटान मोहल्ला में किराए के मकान में रहकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसका खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को बम बनाने के दौरान मकान में विस्फोट हुआ। इसमें आतंकी मेहबूब 70 फीसदी जल गया।
कुकर फट गया है कहकर भागे: कुकर फटने की बात कहकर सभी आतंकी घायल साथी को लेकर फरार हो गए। इधर विस्फोट के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को आतंकियों के कमरे से कुछ हथियार बम बनाने की सामग्री जब्त की।
बिजनौर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए आतंकियों के फुटेज यूपी एटीएस ने मप्र एटीएस को तस्दीक के लिए भेजे। मप्र एटीएस ने पुष्टि कर दी कि सभी आतंकी खंडवा जेल से भागे हुए हैं। बिजनौर एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया आतंकी एजाजुद्दीन, असलम अय्यूब, जाकिर बदरुल, अमजद रमजान, मेहबूब और उनका एक अन्य साथी सलीक उर्फ सलीम सभी निवासी खंडवा बिजनौर में चार माह से नाम बदलकर रह रहे थे। आतंकी यूपी में बड़ा बम धमाका करने की तैयारी में थे। विस्फोट के बाद यूपी एटीएस एनआईए जांच में जुट गई है।

विस्फोट के बाद पुलिस जब आतंकियों कमरे पर पहुंची तो वहां पिस्टल, चाकू, लैपटॉप, छोटा गैस सिलेंडर, मोबाइल, सिम कार्ड और तीन आईडी कार्ड सहित बम बनाने की सामग्री मिली। पुलिस ने सामग्री अपने कब्जे में ले ली है।

बिजनौरएसपी ने बताया विस्फोट में घायल युवक खंडवा जेल से फरार आतंकी है। मामले को लेकर मप्र एटीएस आईजी से भी संपर्क किया। उन्होंने आईडी सीसीटीवी में आतंकियों के फोटो-वीडियो देख पुष्टि की। छठा आतंकी सलीक उर्फ सलीम भी खंडवा का है। 3 साल से फरार है।
सभी छह आतंकी बिजनौर के मलिन बस्ती जाटान मोहल्ला में बुजुर्ग विधवा लीलादेवी के मकान में चार माह से किराए पर रह रहे थे। उन्होंने खुद को मजदूर बताकर कमरा लिया था।
झुुलसे साथी को लेकर पहुंचे अस्पताल : सुबह 10.30 बजे उनके कमरे में एक जोरदार धमाका हुआ। कुकर फटने की बात कहते हुए भाग निकले।घटना के बाद तीन आतंकी अपने एक साथी को घायल अवस्था में शहर के डॉ. शमीम के यहां ले 400 मीटर की दूरी पर एक क्लिनिक पहुंचे।
भाग नहीं पाएंगे आतंकी, जल्द पकड़े जाएंगे : '' बिजनौर में उपचुनाव चल रहे हैं। इसलिए जिले की सीमाओं को सील कर रखा है। आतंकियों के फोटो और वीडियो पुलिस थानों में भेज दिए हैं। चप्पे-चप्पे की तलाशी कर रहे हैं। आतंकी यहां से भाग नहीं पाएंगे। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।'' -सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी,बिजनौर, उप्र।