- Hindi News
- कार्रवाई कराने पर अड़े सरपंच को एसडीएम ने हटाया
कार्रवाई कराने पर अड़े सरपंच को एसडीएम ने हटाया
सिलोदाग्राम पंचायत सरपंच तुलसाबाई पति चंपालाल को एसडीएम पंधाना ने पद से हटा दिया है। सरपंच पर भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितता करने के आरोप हैं। हालांकि सरपंच ने आरोपों से इंकार करते हुए एसडीएम के फैसले को दुर्भावनापूर्ण बताया है।
सरपंच गांव में निर्माणाधीन राजीव गांधी सेवा केंद्र के काम में बाधा डालने वालो पर कार्रवाई कराना चाह रहे थे। कलेक्टर ने सरपंच के आवेदन पर एसडीएम को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। एसडीएम ने पहले तो मोघट टीआई को काम में बाधा डाल रहे ग्रामीणों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। कुछ दिन बाद सरपंच के विरुद्ध ही कार्रवाई कर दी। एसडीएम पंधाना जानकी यादव ने एक साल पुराने प्रकरण में आदेश देते हुए सरपंच तुलसाबाई को हटाया है। उन्होंने आदेश में सरपंच पर 1 लाख 70 हजार रुपए की हेराफेरी करने का आरोप सही पाया है। एसडीएम ने यह राशि वसूली करने के आदेश सीईओ जनपद छैगांव माखन को दिए हैं। साथ ही राशि जमा कराने पर आरोपी सरपंच के विरुद्ध मध्य प्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धारा 92 के तहत प्रकरण पेश करने को कहा है। सरपंच ने आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव में फैसला दिया गया। 1.70 लाख का गबन नहीं किया है। सभी भुगतान नियमानुसार किए हैं।