खंडवा। शहर को सिविल लाइंस और आनंद नगर से जोड़ने वाले तीन पुलिया मार्ग पर एक सप्ताह से एक से डेढ़ फीट पानी भरा हुआ है। लोग रोज यहां दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। पुलिया में पानी का एकमात्र कारण चिड़िया मैदान के नाले की सफाई नहीं होना है।
यह नाला तल से ऊपर तक करीब चार फीट तक मलबे भरने से चोक हो गया है। निगम के पास जेसीबी, डंपर और अन्य संसाधन होने के बावजूद लापरवाही बरती जा रही है। आधे शहर के लोग परेशान हो रहे हैं। जिम्मेदार अफसरों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
'' चिड़िया मैदान के नाले का आज ही निरीक्षण किया है। तीन पुलिया के सामने वाले हिस्से से मलबा निकालने का काम रविवार कराएंगे। तीन पुलिया के डाउन स्ट्रीम में रेलवे अन्य कंपनियों की केबल लाइनें होने के कारण वहां हम काम नहीं करवा पाएंगे।'' - एस आर सोलंकी,निगमआयुक्त
चिडि़या मैदान का नाला तीन पुलिया के पास मलबे से चोक हो गया है। इस कारण नाले का सारा पानी एक सप्ताह से तीन पुलिया में बह रहा है।