- Hindi News
- मोबाइल चुराकर भागा बदमाश चार किमी दूर पकड़ाया
मोबाइल चुराकर भागा बदमाश चार किमी दूर पकड़ाया
भास्कर संवाददाता| बुरहानपुर
लालबागके सागर टाॅवर के पास सोमवार शाम 5 बजे खंडवा के रतागढ़ निवासी मुन्ना बजरंग लाल का बदमाश ने मोबाइल चुरा लिया। संदेह ट्रेन में चोरी करने वालों पर गया। मुन्ना ने पुलिस को सूचना दी। आरक्षक गुरदीप पटेल और रामानुज ने बदमाश पर लालबाग से ही नजर रखी। मुन्ना के साथ वे संदेही युवक का पीछा करते शनवारा चौराहा पहुंचे। मुन्ना ने मोबाइल पर कॉल किया तो आरोपी ने मोबाइल उठाया। इस पर पुलिस जवानों ने उसे पकड़ लिया। उसनेे अपना नाम युनूस बताया। पकड़े जाने के बाद उसने करीब एक घंटे तक हंगामा किया।
शनवारा चौराहा पर चार्ली टू टीम ने मोबाइल चोर युनूस को पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आते ही युनूस गिड़गिड़ाकर कहने लगा साहब मैंने चोरी नहीं की। पुलिस युनूस को ले जाने लगी तो उसने बाइक का पहिया पकड़ लिया। इस दौरान वह रोने लगा। बोला मैं नहीं जाऊंगा।
पुलिस ने मशक्कत कर उसके हाथों से बाइक का पहिया छुड़ाया। युवक के एक घंटे के हंगामे के बाद पुलिस ने उसे उठाया और भीड़ से बाहर निकाला। पुलिस उसे कॉलर पकड़कर ले गई। शनवारा चौराहा से लालबाग चार्ली टू टीम के आरक्षक गुरदीप ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। यहां से करीब 5 मिनट बाद पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। वैन से युवक को लालबाग थाने ले जाया गया।