(बदमाशों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम : व्यापारी को बाइक अड़ाकर रोका । व्यापारी वीरेंद्र को मालवीय कॉलोनी मंदिर के पास बदमाशों ने बाइक अड़ाकर रोका)
खंडवा । सिंधी कॉलोनी से सटे मालवीय नगर में मंगलवार रात बाइक पर आए नकाबपोश दो बदमाशों ने हवाई फायर कर शकर व्यापारी से 3.50 लाख रुपए लूट लिए। व्यापारी रोज की तरह दुकान बंद कर रुपए से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। घटना रात 10.30 बजे मालवीय नगर में मंदिर के पास हुई। शकर व्यापारी वीरेंद्र उर्फ लच्छू पिता राधाकिशन तीर्थानी निवासी बादशाह नगर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। उनके पास चार लाख रुपए से भरा बैग था।
व्यापारी के अनुसार दुकान बंद करने के बाद दोनों बदमाश जलेबी चौक से बगैर नंबर की बाइक से पीछा कर रहे थे। मालवीय नगर मेें सुनसान इलाका देख बदमाशों ने एक्टिवा के आगे बाइक अड़ा दी। रुपए से भरा बैग मांगा, मना करते ही एक बदमाश ने हवाई फायर किया और कहा कि बैग दे दे नहीं तो दूसरी गोली तेरे सीने में लगेगी। मैंने बैग दे दिया। बैग लेते ही दोनों बदमाश जोशी नगर नवकार नगर होते हुए तेज रफ्तार से भाग गए।
घटना के बाद व्यापारी और सिंधी समाज के लोगों ने मोघट पुलिस और कंट्रोलरूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। शहर जिले की नाकाबंदी कर देररात तक बदमाशों की तलाश की गई लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल सकी।
एक सेकंड भी रुकता तो मार देते गोली : व्यापारीने बताया बाइक अड़ाते ही एक बदमाश जो दुबला-पतला रंग गोरा और नीला शर्ट पहने हुए था। एक्टिवा के उसने बैग मांगा मैंने मना किया। हवाई फायर कर दिया। रुपए से भरा बैग देने में मैं अानाकानी करने लगा तो बदमाश ने हवा में फायर कर दिया। दूसरी गोली सीने पर मारने वाला था मैंने उसे बैग दे दिया। और वह दोनों भाग गए। मैं भागते हुए पान की दुकान पर पहुंचा। इस दौरान गोली की आवाज सुनने के बाद कुछ लोग मेरी और दौड़ते हुए आए।
''शहर और जिले की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। बड़गांव भीला नागचून हवाई पट्टी, छैगांव माखन में सर्चिंग कर रही है।'' -एमएस सिकरवार, एसपी।
हवाई फायर भी किया, मालवीय नगर में मंगलवार रात 10.30 बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने की वारदात, रात 12.30 बजे केस दर्ज