- Hindi News
- शिकायतकर्ता 20, सुनने बैठे थे 25 कर्मचारी
शिकायतकर्ता 20, सुनने बैठे थे 25 कर्मचारी
नगरीयनिकाय चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद मंगलवार से जनसुनवाई शुरू हो गई है। चुनाव के बाद हुई पहली जनसुनवाई में लोग कम आए। कलेक्टोरेट हॉल में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुई जनसुनवाई में करीब 20 लोग ही आए। यहां अफसर शिकायत सुनाने वाले लोगों से ज्यादा थे।
जनसुनवाई में एडीएम एसएस बघेल सहित राजस्व विभाग के 4 अधिकारी, नगर निगम कमिश्नर एसआर सोलंकी सहित 3 कर्मचारी, पीएचई, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, लोक सेवा प्रबंधन, आबकारी विभाग, पंचायत सेल, जनपद पंचायतों के लगभग 18 अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे। इनके अलावा लगभग 8 कर्मचारी शिकायतों का पंजीयन करने, जनसुनवाई की तैयारी करने में लगे। दो घंटे तक यह सभी अफसर शिकायत सुनने और सुलझाने के लिए बैठे रहे। शिकायत करने वाले कम आए। जो शिकायतें आईं उनमें ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त अतिक्रमण, अवैध कब्जा हटाने में अधिकारियों की हीलाहवाली के साथ ही यूरिया नहीं मिलने की समस्या प्रमुख थीं। शहरी क्षेत्र के लोग भी समस्याएं लेकर पहुंचे। उनका कहना था कि मोहल्ले में सफाई कार्य समय पर नहीं होता। पेयजल की भी किल्लत व्याप्त है।