पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कश्मीर केरल की तर्ज पर इंदिरा सागर में भी बनेंगे शिकारे

कश्मीर-केरल की तर्ज पर इंदिरा सागर में भी बनेंगे शिकारे

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हाउसबोट (शिकारा) में ठहरने के लिए अब पर्यटकों को कश्मीर और केरल नहीं जाना होगा। शहर से नजदीक इंदिरा सागर बांध के समीप हनुमंतिया में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम हाउस बोट सहित क्रूज, कॉटेज अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए नया पर्यटन स्थल विकसित कर रहा है। इसी तरह ओंकारेश्वर के पास सैलानी आईलैंड को स्कीप रिसॉर्ट के रूप में तैयार किया जाएगा। पर्यटन निगम छह महीने में ये दोनों नए पर्यटन स्थल विकसित करते हुए पर्यटकों के लिए खोल देगा।

निगम इन दोनों स्थानों पर पर्यटन केंद्र विकसित करने के लिए 30.5 करोड़ से ज्यादा राशि खर्च करेगा। पर्यटन निगम इंदौर के जीएम एमएन जमाली ने बताया इस योजना के लिए हाल ही में उन्होंने पर्यटन निगम के एमडी अश्विनी लोहाणी के साथ दोनों जगह का दौरा किया और वहां कार्य भी शुरू किया जा चुका है। उन्होंने बताया हनुमंतिया का प्रोजेक्ट प्रदेश का पहला ऐसा प्रोजेक्ट होगा, जहां हाउस बोट में ठहरने की सुविधा होगी। ये हाउस बोट पानी पर तैरेंगे भी। इस प्रोजेक्ट पर 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं सैलानी आईलैंड को स्कीप रिसोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटक वाटर स्किपिंग और सर्फिंग का आनंद ले सकेंगे। इस प्रोजेक्ट पर 10.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन दोनों ही स्थानों पर होटल भी होंगे और क्रूज, वाटर स्कूटर, जलपरी और पैडल बोट भी होंगे।

ऐसे होंगे शिकारे

हनुमंतियामें कश्मीर की डल झील के शिकारे की शक्ल में बोट सजाए जाएंगे। पर्यटन को बढ़ाने के लिए निगम इसके निर्माण के साथ पूरे प्रदेश में प्रचार-प्रसार भी करेगा। निगम का कहना है कि मध्य क्षेत्र में यह एक बेहतर पर्यटन स्थल का रूप लेगा।