सिविल न्यायालय की मांग पर बैठक आज
नगरके विभिन्न सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल जनप्रतिनिधि मूंदी में सिविल न्यायालय की मांग कई साल से करते रहे हैं। हालांकि पुनासा में न्यायालय की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और खंडवा के वकील इसका विरोध भी कर रहे हैं। यह न्यायालय मूंदी में खोलने की मांग जोर पकडऩे लगी है। इसे आंदोलन का रूप देने के लिए सभी संगठनों और नगर के लोगों ने मंगलवार को सुभाष चौक में बैठक आहूत की है। इसमें विचार-विमर्श कर अगली रूपरेखा तय की जाएगी।
नगर के देवेंद्र चंद्रवंशी तथा गुर्जर समाज के जिला उपाध्यक्ष आशाराम पटेल ने बताया मूंदी को नगर परिषद का दर्जा प्राप्त है। यहां से आसपास के गांवों के हजारों लोगों का प्रतिदिन आना-जाना होता है। सिविल न्यायालय के अभाव में ग्रामीणों को 50 से 70 किमी दूरी तय कर खंडवा जाना पड़ता है। इससे उन्हें समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। नगर के लोगों का कहना है पुनासा में ग्राम पंचायत होने के बावजूद वहां जनपद, तहसील एसडीएम कार्यालय खोले गए हैं, जबकि मूंदी में नगर परिषद होने के बावजूद उसकी अनदेखी की जा रही है। राठौर समाज अध्यक्ष दिलीप राठौर ने बताया मंगलवार को आयोजित बैठक में एकमत होकर मांग की रूपरेखा तय करेंगे। मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल सांसद एवं प्रदेश सरकार से भी मिलेगा।