पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शनिवार को साइकिल रैली निकाली। परिषद द्वारा स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट (एसएफडी) सप्ताह के तहत साइकिल रैली के माध्यम से पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। साइकिल रैली में शामिल परिषद के पदाधिकारियों ने पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ के साथ पेट्रोल बचाने के नारे लगाए।
एसएफडी के जिला संयोजक खुशाल योगी ने बताया 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक परिषद द्वारा एसएफडी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह के तहत परिषद के पदाधिकारी पर्यावरण बचाने की मुहिम चला रहे है। शनिवार को सप्ताह का शुभारंभ साइकिल रैली से हुई। साइकिल रैली का प्रमुख उद्देश्य पेट्रोल से चलने वाले वाहनों का कम से उपयोग करने पर बल देना था। श्री योगी ने कहा रविवार को परिषद के पदाधिकारी तीर्थनगरी ओंकारेश्वर जाएंगे। यहां पर मां नर्मदा में मिल रहे नालों एवं बिखरी पड़ी देवी-देवाओं की मूर्तियों की जानकारी जुटाएंगे। मां नर्मदा में हर दिन एक सैकड़ा नालों से बहकर गंदा पानी मिलता है। परिषद नालों के पानी को ट्रीटमेंट कर नदी में छोड़ने के संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा। सरस्वती शिशु मंदिर वैकुंठनगर से निकली साइकिल रैली का समापन नगर निगम चौराहा पर हुआ। रैली में परिषद के जिला सह-संयोजक अनिमेष जोशी, आदित्य अग्रवाल, आशीष शर्मा सहित स्कूली छात्र एवं परिषद के पदाधिकारी शामिल थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।