खंडवा। जिले में 15 फरवरी से डीबीटीएल (डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर फॉर एलपीजी) सिस्टम लॉक हो जाएगा। आधार लिंक नहीं कराने पर जिले के 10 हजार उपभोक्ताओं को सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी की राशि नहीं मिलेगी। ये ऐसे कनेक्शनधारी हैं, जिनके बैंक खाते अभी तक लिंक नहीं हुए हैं। सिस्टम लॉक होने पर इन्हें सिलेंडर तो मिलेंगे लेकिन सब्सिडी की राशि नहीं मिलेगी। सिलेंडर लेने के लिए लगाया गया नंबर भी देरी से क्लियर होगा। 3 महीने के भीतर इन उपभोक्ताओं के बैंक खाते लिंक नहीं हुए तो सब्सिडी की राशि लैप्स हो जाएगी। इन्हें तीन माह तक एक ही दाम पर टंकी मिलेगी।
जिले में डीबीटीएल (डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर फॉर एलपीजी) सिस्टम के जरिए सिलेंडर पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए उपभोक्ताओं को सिलेंडर के पूरे दाम चुकाने पड़ रहे हैं। उसके बाद सब्सिडी की राशि उपभोक्ता के खाते में जमा हो रही है। इसका लाभ जिले के 72 हजार उपभोक्ताओं को मिल रहा है। क्योंकि इन उपभोक्ताओं के बैंक खाते और कनेक्शन लिंक किए जा चुके हैं।
सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी एसआर कोठारे ने बताया 15 फरवरी से गैस सिलेंडर एक ही दामों पर मिलेंगे। आधार लिंक नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को पूरी कीमत चुकानी होगी। उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।
10 हजार को मिलेगा पूरे दामों पर सिलेंडर : जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत गैस, इंडेन गैस सहित अन्य कंपनियों की 10 गैस एजेंसियां हैं। जिसमें करीब 82 हजार लोग इन एजेंसियों के ग्राहक हैं। इनमें 72 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका बैंक गैस एजेंसियों में आधार लिंक हो गया है। 10 हजार उपभोक्ताओं के आधार बैंक या गैस एजेंसियों पर लिंक नहीं हुए। इन उपभोक्ताओं को 15 फरवरी के बाद पूरे दामों पर सिलेंडर लेना होगा। उन्हें सब्सिडी नहीं मिलेगी।