(पार्षद वर्षा गुप्ता)
खंडवा। शहर के लोगों ने क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के लिए जिन महिलाओं पार्षद के चुना, उनमें से कुछ रविवार को सुपरवाइजर बनने के लिए परीक्षा देती दिखाई दी। महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर पद के लिए रविवार को व्यापमं ने परीक्षा ली। इसमें जिलेभर की 4646 महिलाओं ने परीक्षा दी। इनमें शहर की नवनिर्वाचित महिला पार्षद भी शामिल हुई। भास्कर टीम को देखकर कुछ ने तो मुंह छुपा लिया। कुछ महिला पार्षदों ने स्पष्टीकरण भी दिया। उन्होंने साफ किया कि परीक्षा दी है लेकिन पार्षदी छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। जनता की सेवा करते रहेंगे।
वर्षा गुप्ता बोलीं - नौकरी नहीं, पार्षदी करूंगी
लोकमान्यतिलक वार्ड क्रमांक- 33 से नवनिर्वाचित पार्षद वर्षा संदेश गुप्ता ने एमएलबी स्कूल में परीक्षा दी। परीक्षा देने पर उन्होंने कहा दो महीने पहले फार्म भरे थे। पेपर भी अच्छा गया है। परिणाम आने पर ही बता पाऊंगी क्या करूंगी। फिलहाल तो पार्षद रहते हुए क्षेत्र की समस्याएं हल करना पहला उद्देश्य है।
प्रियंका दीवान बोलीं - परीक्षा देने का है शौक
हाटकेश्वरवार्ड-क्रमांक 22 से नवनिर्वाचित पार्षद प्रियंका अभिलाष दीवान भी परीक्षा देने पहुंची थी। उन्होंने उत्कृष्ट स्कूल में परीक्षा दी। प्रियंका ने बताया उन्हें प्रतियोगी परीक्षाएं देने का शौक है। दो महीने पहले सुपरवाइजर पद के लिए फार्म भरा था। परीक्षा में पास हो गई तो भी उन्हें नौकरी नहीं करना है।
नहीं कराए हस्ताक्षर
एमएलबीस्कूल के कक्ष क्रमांक-4 में परीक्षा के दौरान कक्ष प्रभारी की गलती के कारण कुछ अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर ही नहीं कराए। कक्ष में 50 से अधिक अभ्यर्थी बैठे थे। अनियमितता सामने आने पर जब केंद्राध्यक्ष प्राचार्य एस.नागोत्रा से चर्चा करना चाहा तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
प्रवेश पत्र में गलत पते से उलझे
परीक्षाके लिए बनाए 12 सेंटरों में से एक सेंटर कृषि कॉलेज भी था। यहां पर परीक्षा देने के लिए व्यापमं द्वारा प्रवेश पत्र में जवाहरलाल नेहरू कृषि महाविद्यालय का पता दर्शाया जबकि सही पता भगवंतराव कृषि महाविद्यालय है। कई परीक्षार्थी केंद्र के बाहर खड़े रहकर पूछताछ करते रहे। जब उन्हें पता चला कि उनका परीक्षा केंद्र यही है तो उनकी जान में जान आई और उन्होंने अपने रोल नंबर ढूंढकर परीक्षा दी।
4646 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा : व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग में सीधी भर्ती एवं पदोन्नति के लिए रविवार को दो चरणों में परीक्षा ली। पहले चरण में सुबह 9.15 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक महिला पर्यवेक्षक पद की परीक्षा 12 केंद्रों पर हुई। परीक्षा में 4124 महिला अभ्यर्थी शामिल हुईं। परीक्षा में 4345 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। 221 ने परीक्षा नहीं दी। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 2.15 बजे से शाम 5.15 बजे तक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से सुपरवाइजर पद के लिए 522 महिला उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। 6 अनुपस्थित रहीं।
पापा ने संभाले बच्चे : परीक्षा में सैकड़ों महिला अभ्यर्थी शादीशुदा थीं। वे अपने बच्चों पति के साथ आई थीं। जब वे परीक्षा दे रहीं थी तो केंद्र के बाहर तीन घंटे तक पति ने बच्चों को संभाला। दूधमुंहे बच्चों को बोतल से दूध पिलाकर चुप कराया। कुछ जगहों पर बच्चे पिता के साथ मैदान में खेलते रहे।