पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सड़क नाली की अर्थी निकाली, दाह संस्कार किया; िजम्मेदारों को कोसा

सड़क-नाली की अर्थी निकाली, दाह संस्कार किया; िजम्मेदारों को कोसा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
( कीचड़ और पानी में डूबी सड़क से शवयात्रा निकालते कॉलोनी के लोग।)
खंडवा। सड़क,नाली और पानी निकासी के इंतजाम नहीं होने से नाराज वत्सला विहार कॉलोनी के लोगों का गुस्सा पांचवें दिन भी बरकरार रहा। कॉलोनी के लोगों ने रविवार दोपहर 3.30 बजे सड़क-नाली की अर्थी निकाली। हाथों में नारे लिखी तख्ती थामे बच्चों ने ढाेल बजाकर गुस्सा जाहिर किया। कीचड़ से सनी क्षेत्र की सड़कों से होकर निकली शवयात्रा स्टेडियम के पास पहुंची। यहां दाह संस्कार किया। इसके बाद शोकसभा हुई। इसके पहले लोगों ने नीम की पत्ती पानी में डूबो कर अंतिम संस्कार में शामिल लोगों पर छिड़का। शव जलाने के बाद कॉलोनी की आशा उपाध्याय ने लोगों का आभार माना।
सड़क-नाली की अर्थी निकालने के लिए मजबूर लोगों ने हाउसिंग बोर्ड, नगर निगम, महापौर, विधायक और सांसद को जमकर कोसा। महापौर-विधायक मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। यहां लोग पांच दिन से निगम चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी देकर धरने पर बैठे हैं। अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे लोगों का रास्ता रोको आंदोलन भी जारी है। पांच दिन से कॉलोनी में किसी भी बड़े वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया है।

मृत पड़ी मूलभूत सुविधाओं के शव को कॉलोनी की आशा परिहार, सुमन चौहान, चित्रा वर्मा, रुकमा रावत, आशा पांडे, रूपमति ठाकुर ने कंधा दिया। शव के आगे ललिता मालवीया मटकी लेकर चली। मुखाग्नि आशा उपाध्याय ने दी। इस दौरान ड्रीम सिटी, महेश नगर के महिला-पुरुष भी थे। मंगलवार को लोग भैंस के आगे बीन बजाएंगे। व्यंगात्मक प्रदर्शन से वे अफसरों को नींद से जगाने का प्रयास करेंगे।

समर्थन में उतरे दो और कॉलोनी के लोग : ऐसी ही समस्याएं से त्रस्त ड्रीम सिटी और महेश नगर के लोग भी धरने में समर्थन देने के लिए आंदोलन स्थल पहुंचे। वत्सला विहार कॉलोनी में लोग 10 साल से सड़क, नाली और बरसात के पानी की निकासी नहीं होने से त्रस्त हैं। कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड की होने से नगर निगम ने विकास कार्य नहीं कराए। अब नगर निगम कॉलोनी हस्तांतरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बोर्ड से रुपयों की मांग कर रहा है। स्थानीय स्तर पर हाउसिंग बोर्ड के पास पैसा नहीं है। कॉलोनी हस्तांतरण के लिए बोर्ड के अफसर इंदौर और भोपाल मुख्यालय फाइल भेज चुके हैं।

सड़क नहीं तो वोट नहीं :कॉलोनी की प्रतिभा जायसवाल ने बताया नालियों में पानी की निकासी नहीं हो रही है। सीवर का पानी वापस घरों में जा रहा है। आशा उपाध्याय ने बताया कॉलोनी में सड़क तो बची ही नहीं। घरों के सामने कीचड़ और पानी की डबरे भर गए हैं। कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड की है तो निगम चुनाव में वोट भी नहीं देंगे। लोगों ने जनप्रतिनिधियों की वादाखिलाफी पर जमकर कोसा। चुनाव से पहले उन्होंने सड़क बनाने का आश्वासन दिया था। िफर पलटकर नहीं आए।

पूरे शहर की सड़कें तोड़ चुकी है दम वल्सला विहार ही नहीं पूरे शहर की सड़कें दम तोड़ चुकी हैं। इंदौर रोड पर चलना दूभर हो गया है। यही हाल बायपास, जलेबी चौक से शेर चौराहा रोड का है।
शवयात्रा में शामिल लोगों ने महापौर, विधायक और सांसद के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलन का पांचवां दिन| वत्सला विहार कॉलोनी की महिलाओं ने मूलभूत सुविधाओं की हालत बदतर।
शव यात्रा निकाली अंतिम संस्कार किया, महापौर-विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाए, आज भैंस के आगे बीन बजाएंगे ।